देश

नाबालिग चला रहा था बिना नंबर प्लेट की कार, पुलिसकर्मी को बोनट पर घसीटा

चंडीगढ़: कार से नंबर प्लेट गायब, चला रहा लड़का नाबालिग, साथ में नाबालिग लड़की भी मौजूद, ऐसा भी क्या खौफ था जो चेकिंग के लिए भी कार नहीं रोकी. उल्टा पुलिसकर्मी पर ही चढ़ा दी. पुलिसवालों की तो ड्यूटी ही होती है सड़क पर जा रही गाड़ियों की चेकिंग करना. इसका ये मतलब नहीं कि आप चेकिंग से बचने के लिए भागने की कोशिश करें. हरियाणा के करनाल में तो एक शख्स ने हद ही कर दी. पुलिकर्मी चेकिंग के लिए रोकता रहा और शख्स ने भागने की कोशिश में कार उसके ऊपर ही चढ़ा दी. उसकी ये पूरी करतूत वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गई.

पुलिसकर्मी को कार पर घसीटा

मामला करनाल के सेक्टर-6 स्थित सरकारी कॉलेज चौक का है. ड्यूटी कर रहे एक पुलिसकर्मी को तेज रफ्तार काले शीशों वाली कार ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिसकर्मी कार के बोनट पर जा गिरा और चालक उसे काफी दूरी तक लेकर गया. राहत की बात रही कि वह नीचे नहीं गिरा, वरना बड़ा हादसा हो सकता था. पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई. पुलिस ने आरोपी को ट्रेस कर जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया है. हैरानी की बात ये है कि आरोपी नाबालिग निकला.

रोकने का इशारा किया, नहीं रुका चालक

जानकारी के अनुसार बीते शनिवार को पुलिसकर्मी कुलबीर सिंह सेक्टर-6 के सरकारी कॉलेज चौक पर ड्यूटी पर तैनात थे. उनकी भर्ती कुछ समय पहले ही हुई है. वह सेक्टर-7 में ट्रैफिक चौक पर ड्यूटी पर थे. इसी दौरान काले शीशों वाली एक कार वहां से गुजर रही थी. पुलिसकर्मी ने गाड़ी रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने कार नहीं रोकी और तेज रफ्तार में आगे बढ़ाकर पुलिसकर्मी को टक्कर मार दी.

बोनट पर लटककर बचाई जान

टक्कर लगते ही पुलिसकर्मी कार के बोनट पर जा गिरा और खुद को संभालने के लिए बोनट पकड़कर लटक गया. चालक ने गाड़ी की रफ्तार कम नहीं की और उसे काफी दूरी तक लेकर गया. गनीमत रही कि पुलिसकर्मी नीचे नहीं गिरा, वरना गंभीर हादसा हो सकता था.

पूरी घटना सीसीटीवी में कैद 

पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई. फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि पुलिसकर्मी कार के बोनट पर लटका हुआ है. कुछ दूरी पर जाकर चालक ने अचानक ब्रेक लगाए, जिससे पुलिसकर्मी नीचे कूद गया. इसके बाद भी वह गाड़ी को रोकने की कोशिश करता नजर आया.

गाड़ी बैक कर मौके से हुआ फरार

सीसीटीवी में यह भी दिखा कि चालक ने गाड़ी को पीछे किया और मौके से फरार हो गया. इस दौरान एक अन्य पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंच गया और तुरंत वायरलेस के माध्यम से सूचना दी गई.सेक्टर-32-33 थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. जांच में सामने आया कि कार चला रहा लड़का नाबालिग था और उसके साथ एक नाबालिग लड़की भी मौजूद थी. कार पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी. थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि पुलिस ने आज आरोपी को ट्रेस किया है और गाड़ी भी जब्त कर ली है. आरोपी को आज जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया है. मामले की जांच जारी है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button