हर घर तिरंगा–घर-घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत तिरंगा रैली का आयोजन
भोपाल, 12 अगस्त 2026। हर घर तिरंगा–घर-घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत आज सरोजिनी नायडू शासकीय स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय, भोपाल में भव्य तिरंगा रैली एवं मानव श्रृंखला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रतिमा यादव के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

रैली में महाविद्यालय की एनएसएस एवं एनसीसी की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति गीत गाते हुए तथा देशप्रेम के नारों से वातावरण को राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया। रैली के पश्चात् मानव श्रृंखला बनाकर तिरंगे के प्रति सम्मान, गौरव, प्रेम और अनेकता में एकता का संदेश जनमानस तक पहुँचाया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन में राष्ट्रप्रेम की भावना को सुदृढ़ करना तथा यह संदेश देना था कि देश सर्वोपरि है और तिरंगा हमारी आन, बान और शान है। छात्राओं ने देशभक्ति गीतों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया। इस अवसर पर “भारत हमको जान से प्यारा है, सबसे प्यारा गुलिस्ताँ हमारा है” जैसे देशभक्ति गीतों ने सभी में उत्साह एवं राष्ट्रप्रेम की भावना का संचार किया।
कार्यक्रम का संचालन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी अर्चना सोनी, डॉ वर्षा धाकड़ एवं एनसीसी अधिकारी डॉ. नेहा चौधरी एवं डॉ निशि शर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण डॉ. निशा जैन, डॉ. लक्ष्मी अग्निहोत्री, डॉ. संजीव जैन, डॉ. रानू वर्मा, डॉ. नूतन केवट, डॉ. भावना रमैया, डॉ. इंदिरा जावेद एवं श्री अजीत त्रिपाठी सहित महाविद्यालय परिवार उपस्थित रहा।
तिरंगा रैली ने विद्यार्थियों के साथ-साथ आमजन को भी राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं तिरंगे के सम्मान का संदेश दिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रप्रेम एवं देश की गौरवशाली पहचान तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना के साथ हुआ।




