15 अगस्त से गांव-गांव पहुंचेगी CJP: अभिजीत दीपके का ऐलान, जंतर-मंतर सीजन 2 बहुत जल्द
अभिजीत दीपके ने मीडिया से बातचीत में कहा, “बहुत से लोग इंस्टाग्राम पर कमेंट कर रहे थे कि ‘जंतर-मंतर’ का सीजन 2 कब शुरू होगा. मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि ‘जंतर-मंतर’ का सीजन 2 बहुत जल्द शुरू होने वाला है.
15 अगस्त से नये अभियान की शुरू, सरकारी स्कूल होंगे टारगेट
CJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने नये अभियान के बारे में बताया, “आजादी के बाद से ही इस देश में सरकारी स्कूलों को लगातार और पूरी तरह से नज़रअंदाज किया गया है. हमारे गांवों के बच्चों को मजदूरी करने के लिए छोड़ दिया गया है. लेकिन अब सरकारों को सरकारी स्कूलों पर ध्यान देना होगा. आप अपनी जिम्मेदारी से भाग नहीं सकते. इसीलिए हम 15 अगस्त को एक अभियान शुरू कर रहे हैं. हम मांग करेंगे कि सरकार गांव के सरपंचों से अपने गांवों के स्कूलों को बेहतर बनाने के लिए कहे. अगर वे ऐसा नहीं करते हैं, तो हम वहां विरोध-प्रदर्शन करेंगे.”
देश में विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं, यही है जंतर-मंतर सीजन 2 : सौरव दास
CJP के फाउंडर दीपके के “जंतर-मंतर सीजन 2” वाले बयान पर पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने कहा, “यह खुद ही सीजन टू है. ऐसी नाकाबिल सरकारों और अधिकारियों के खिलाफ पूरे देश में विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं. CJP की तरफ़ से हम अब एक देशव्यापी ‘लिसनिंग टूर’ (लोगों की बात सुनने का दौरा) शुरू कर रहे हैं ताकि जनता की बात सुन सकें। हम एक अभियान चलाएंगे और आजादी के दिन से शिक्षा के मुद्दे को प्राथमिकता देंगे. हम माता-पिता और नागरिकों से अपील कर रहे हैं कि वे अपने सरकारी स्कूलों में जाएं, सोशल ऑडिट करें, वहां के हालात रिकॉर्ड करें, सच्चाई सामने लाएं और उन्हें ठीक करने में मदद करें. युवा ज़िम्मेदारी उठा रहे हैं. जल्द ही सचमुच एक ‘विकसित भारत’ सामने आने वाला है.”
अभिजीत दीपके ने बीजेपी पर लगाया लोगों को धमकाने का आरोप
अभिजीत दीपके ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, “आज दिल्ली में हमारे वॉलंटियर्स की मीटिंग होनी थी. हम हॉल ढूंढ रहे थे, लेकिन कोई भी हमें हॉल किराए पर देने को तैयार नहीं था. हर कोई यही कह रहा था कि ऊपर से दबाव है. बड़ी मुश्किल से हमें यह हॉल मिला था. हमारे पास इसकी रसीद भी है. लेकिन आज सुबह ही हॉल के मालिकों को धमकियां मिलीं. उनसे कहा गया कि अगर उन्होंने CJP की मीटिंग यहां होने दी, तो उन्हें उल्टा लटका दिया जाएगा. यह सब BJP कर रही है. उनकी हरकतों और बातों से साफ पता चलता है कि वे देश के युवाओं से डरे हुए हैं. अगर उन्हें लगता है कि ऐसी छोटी-मोटी हरकतों से हम डर जाएंगे, तो वे बहुत बड़ी गलतफहमी में हैं.”
आशुतोष रांका ने कहा- क्या दिल्ली पुलिस सिर्फ BJP के लिए काम कर रही है?
मीटिंग के लिए हॉल नहीं दिए जाने पर नाराज CJP राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा, “दिल्ली पुलिस इस मामले में क्या कर रही है. क्या दिल्ली में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है? क्या दिल्ली पुलिस सिर्फ BJP के लिए काम कर रही है? दिल्ली पुलिस से सवाल यह है कि क्या वह दिल्ली की जनता के लिए काम करेगी?”



