पांच दिवसीय ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी जू-जित्सु (पुरुष एवं महिला) प्रतियोगिता 2025-26 सफलतापूर्वक संपन्न
एलएनसीटी,ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी जू-जित्सु प्रतियोगिता


भोपाल एलएनसीटी यूनिवर्सिटी द्वारा एलएनसीटी कोलार में आयोजित पांच दिवसीय ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी जू-जित्सु (पुरुष एवं महिला) प्रतियोगिता 2025-26 सफलतापूर्वक संपन्न हुई। देशभर के विभिन्न विश्वविद्यालयों से आए खिलाड़ियों के बीच कड़े मुकाबलों के बाद मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय, सहारनपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता के अंतिम दिन घोषित पदक तालिका के अनुसार मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय ने 8 स्वर्ण, 2 रजत और 8 कांस्य पदकों सहित कुल 18 पदक जीतकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। कुमाऊं विश्वविद्यालय, नैनीताल ने 7 स्वर्ण, 5 रजत और 1 कांस्य सहित कुल 13 पदकों के साथ द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि राजीव गांधी विश्वविद्यालय (आरजीयू) ने 6 स्वर्ण और 1 कांस्य पदक जीतकर तृतीय स्थान प्राप्त किया।
मेजबान एलएनसीटी यूनिवर्सिटी, भोपाल के खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 रजत एवं 3 कांस्य पदक अपने नाम किए, जिससे विश्वविद्यालय ने प्रतियोगिता में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने दर्शकों और आयोजकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।
प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का अवॉर्ड महिला वर्ग में स्कोप ग्लोबल यूनिवर्सिटी की लावण्या को प्रदान किया गया, जबकि पुरुष वर्ग में स्कोप ग्लोबल यूनिवर्सिटी के निवेदन सिंह गुर्जर को यह सम्मान मिला।
जू-जित्सु आत्मरक्षा से संबंधित प्रतियोगिता है, जिसमें विभिन्न भार वर्गों में ने-वाज़ा, फाइटिंग सिस्टम, फुल कॉन्टैक्ट, डुओ शो, डुओ क्लासिक एवं मिक्स स्पर्धाएं आयोजित की जाती हैं। इस खेल में खिलाड़ी अपनी तकनीक, शक्ति, संतुलन और आत्मरक्षा कौशल का प्रदर्शन करते हैं।
मेडल सेरेमनी के समापन अवसर पर डॉ. विनय जोशी सिंह, प्रेसिडेंट, जू-जित्सु फेडरेशन ऑफ इंडिया, अमित अरोड़ा, जनरल सेक्रेटरी, जू-जित्सु फेडरेशन ऑफ इंडिया, पंकज पाराशर, संयोजक, आर.के. शर्मा खेल अधिकारी, टीआईटी, पंकज कुमार जैन, स्पोर्ट्स डायरेक्टर, एलएनसीटी भोपाल एवं डॉ. पी.एस. दारा द्वारा ओवरऑल प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को मेडल एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रतियोगिता में निर्णायक भूमिका निभाने वाले रैफरी तथा विभिन्न महाविद्यालयों से आए कोच एवं मैनेजरों को भी स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
