सोनिया की किताब में खुलासा: पहले बेटे की हुई थी मौत, फूट-फूटकर रोए थे राजीव; इंदिरा को रद्द करना पड़ा था दौरा
सितंबर 1968 की एक सुबह गांधी परिवार में खुशियां छा गई थीं। सोनिया गांधी के गर्भवती होने की खबर मिली थी। परिवार के सभी लोग खुश थे। आमतौर पर सख्त चेहरे वाली इंदिरा गांधी भी यह खबर सुनकर अपनी खुशी नहीं रोक पाईं। उन्होंने होने वाली मां सोनिया को गले लगाया और चूमा। इसके बाद हंसते हुए कहा- एक बड़ा बच्चा एक और बच्चे को जन्म देने वाला है! लेकिन यह खुशी ज्यादा समय तक नहीं रह सकी।
सोनिया गांधी ने 18 जनवरी 1969 को एक बेटे को जन्म दिया। सामान्य प्रसव से जन्मा यह बच्चा तय समय से दो महीने पहले पैदा हुआ था। परिवार में खुशी का माहौल था। लेकिन यह खुशी सिर्फ एक दिन तक ही रही। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी ने अपनी किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ में पहली बार इस दुख को खुलकर बताया है। यह किताब मंगलवार को बाजार में आई है। सोनिया ने लिखा है कि उनके पति राजीव गांधी और देवर संजय गांधी ने बच्चे को मेहरौली स्थित अपने पिता के फार्महाउस में दफनाया था।जन्म के बाद बेटे को पहली बार देखकर कैसा लगा था?
सोनिया गांधी लिखती हैं, जब बच्चे को इनक्यूबेटर में रखा गया, तो मैंने उसकी पहली रोने की आवाज सुनी। बाद में राजीव मुझे उसे दिखाने ले गए। वह बहुत छोटा, पूरी तरह विकसित एक सुंदर बच्चा था। उसके घने काले बाल थे और उंगलियां लंबी और पतली थीं।वह आगे लिखती हैं, हम दोनों उसे देखते रहे। राजीव का हाथ मेरे कंधे पर था। हमें उससे पहली ही नजर में प्यार हो गया था। हार्परकॉलिन्स की ओर से प्रकाशित इस किताब में सोनिया ने अपने जीवन के इस बेहद निजी और भावुक पल का जिक्र किया है। लेकिन यह खुशी ज्यादा देर तक नहीं रही। राजीव को पहले ही बता दिया गया था कि बच्चे के बचने की उम्मीद को लेकर संदेह है।
सुबह साढ़े छह बजे क्या हुआ था?
सोनिया गांधी लिखती हैं, एमी आंटी उनके पास थीं। सुबह साढ़े छह बजे जब बच्चे की मौत हुई, तो राजीव ने मुझे बहुत धीरे से यह बात बताई। वह आगे लिखती हैं, नहीं, ऐसा नहीं हो सकता! क्यों, क्यों?’ मैं बार-बार यही पूछती रही। हम दोनों सदमे में थे और हमारा दिल टूट गया था। हमने एक-दूसरे को कसकर पकड़ लिया। मैं फूट-फूटकर रोई। राजीव की परवरिश भले ही अपनी भावनाएं जाहिर न करने वाली रही थी, लेकिन वह भी बहुत ज्यादा रोए। एमी कृष्णा इंदिरा गांधी के स्टाफ का हिस्सा थीं।बेटे की मौत की खबर मिलते ही इंदिरा गांधी ने अपना दौरा बीच में ही रोक दिया। वह उस समय शहर से बाहर थीं। खबर मिलते ही अस्पताल पहुंच गईं। सोनिया लिखती हैं, उन्होंने हमें गले लगाया। उनकी आंखें लाल थीं और सूजी हुई थीं। वह काफी देर तक हमारे साथ बैठीं। उन्होंने कहा कि वह हमारे साथ ही रहना चाहती हैं, लेकिन उन्हें अपना दौरा पूरा करना था। अगली सुबह वह जल्दी ही वहां से चली गईं। वह बहुत दुखी थीं। सोनिया लिखती हैं कि इंदिरा गांधी को भी इस खुशी के मौके का लंबे समय से इंतजार था।
बच्चे की मौत के बाद उसके अंतिम संस्कार को लेकर सवाल खड़ा हुआ। हिंदू परंपरा के अनुसार, नवजात बच्चे का अंतिम संस्कार दाह संस्कार के रूप में नहीं किया जा सकता था। सोनिया गांधी लिखती हैं, नवजात बच्चे को आमतौर पर नदी में प्रवाहित कर दिया जाता था। उसे किसी भी कब्रिस्तान में दफनाया नहीं जा सकता था। न तो ईसाई कब्रिस्तान में, क्योंकि वहां ऐसा करने से विवाद खड़ा हो सकता था और न ही पास के पारसी कब्रिस्तान में। आखिर हम क्या करते? मैं दुख से पूरी तरह टूट चुकी थी। मैं उनकी बातें सुन रही थी। मेरे अंदर कुछ बोलने या प्रतिक्रिया देने की ताकत नहीं थी।
बच्चे को नदी में प्रवाहित करने से इनकार क्यों किया?
बच्चे को नदी में प्रवाहित करने की बात सुनकर सोनिया को एक पुरानी घटना याद आ गई। उन्होंने ओखला बैराज में एक पुरुष का फूला हुआ शव देखा था। शव की यात्रा कचरे के ढेर की वजह से रुक गई थी। पानी का बहाव शव को किनारे तक ले आया था। वहां भूखे आवारा कुत्ते उसे खींचने की कोशिश कर रहे थे।
इस घटना को याद करते हुए सोनिया लिखती हैं, ‘नहीं’, मैंने धीरे से कहा। चाहे कुछ भी हो जाए, मैं अपने बच्चे को नदी में फेंकने नहीं दूंगी।’ ‘नहीं, मैं अपने बच्चे के साथ ऐसा नहीं कर सकती। चाहे वह नदी कितनी भी पवित्र क्यों न हो।’ यह कहते हुए मैं फूट-फूटकर रोने लगी। मैं अपने इतने छोटे बच्चे के साथ ऐसा करने की इजाजत कैसे दे सकती थी? वह पहले ही जीने का मौका खो चुका था। यह काम मुझे उसके लिए बिल्कुल अजनबी और निर्दयी लग रहा था।
आखिर कहां दफनाया गया सोनिया-राजीव का पहला बेटा?
आखिरकार बच्चे को मेहरौली में फिरोज गांधी के फार्महाउस में दफनाने का फैसला हुआ। सोनिया गांधी लिखती हैं, यह बहुत दर्दनाक और तकलीफदेह विकल्प था। लेकिन हमारे पास दूसरा कोई रास्ता नहीं था। राजीव अस्पताल लौटे और उन्होंने मुझे बताया कि उन्होंने और संजय ने बच्चे को एक खूबसूरत गुलाबी बोगनवेलिया की झाड़ी के नीचे गहराई में दफना दिया है। उस समय झाड़ी पर पूरी तरह फूल खिले हुए थे। यह जगह अंदर की चारदीवारी के बाईं ओर थी।
सोनिया आगे लिखती हैं, लंबे समय तक जब भी हम वहां जाते थे, तो कुछ देर रुकते थे और उस जगह पर एक फूल रख देते थे। इससे हमारा दर्द कम नहीं हुआ, लेकिन हमें इस सच्चाई को स्वीकार करना पड़ा।
सोनिया का ख्याल कैसे रखती थीं इंदिरा गांधी?
बच्चे की मौत से पहले के दिन सामान्य थे। इंदिरा गांधी सोनिया को खानपान, टहलने और व्यायाम को लेकर सलाह देती थीं। सोनिया लिखती हैं, अपनी मां के सामने मैं जिस बात पर साफ मना कर देती, वैसा मैं राजीव की मां के सामने नहीं कर पाती थी। उस समय मुझमें इतना साहस नहीं था कि उनकी बात का विरोध कर सकूं।
वह आगे लिखती हैं, मेरी नियमित जांच होती थी। मुझे कोई परेशानी नहीं थी। बस इतालवी खाना नहीं मिल पाने का दुख था। इसके अलावा मुझे जामुन और फालसे जैसे फल खाने की नई इच्छा होने लगी थी। मुझे फैंटा नाम का संतरे के स्वाद वाला पेय भी बहुत पसंद आने लगा था। मैं रोज इसके 12 गिलास पी जाती थी!
सोनिया खुद को दोषी क्यों मानने लगी थीं?
पहली संतान को खोने का सदमा सोनिया गांधी को लंबे समय तक परेशान करता रहा। वह खुद को उदास, कमजोर और दोषी महसूस करने लगी थीं। इसी दौरान जब राजीव और सोनिया अपने पहले बच्चे को खोने के दुख से उबरने की कोशिश कर रहे थे, तभी दक्षिणपंथी विपक्षी अखबार ने एक लेख प्रकाशित किया।
इस लेख की हेडलाइन थी- इंदिरा गांधी एक नाजायज बच्चे की दादी बनने की अपनी कोशिश में नाकाम रहीं। इस लेख के शब्दों ने सोनिया को गहरा दुख पहुंचाया। वह लिखती हैं, उन शब्दों के जहर ने मेरे दिल पर गहरा घाव कर दिया। लोग इतने क्रूर कैसे हो सकते हैं? मैंने ऐसा क्या किया था, जिसके लिए मुझे इतनी नफरत झेलनी पड़ी? उस दुर्भावनापूर्ण टिप्पणी से लगी चोट ने मेरे बच्चे को खोने का दर्द और बढ़ा दिया। इससे मेरे अंदर अपनी कमी का एहसास भी और गहरा हो गया।
दुख के बाद फिर कब मिली खुशखबरी?
समय बीतने के साथ सोनिया का दुख धीरे-धीरे कम होने लगा। वह लिखती हैं कि धीरे-धीरे दुख के बादल छंटने लगे थे। उसी साल अक्तूबर में सोनिया ने राजीव को एक और खुशखबरी दी। उन्होंने बताया कि वह फिर से गर्भवती हैं। सोनिया लिखती हैं कि वह इस खबर से बहुत खुश थीं, लेकिन मन में डर भी था। इसके बाद 19 जून 1970 को उन्होंने राहुल गांधी को जन्म दिया।
सोनिया ने बताई मेनका से रिश्ते खराब होने की पूरी कहानी
साल 1973 के अंत में संजय गांधी की मुलाकात मेनका गांधी से कराई गई थी। उस समय मेनका एक खूबसूरत और हंसमुख लड़की थीं। वह संजय से 10 साल छोटी थीं। उस समय वह नाबालिग भी थीं। एक साल के अंदर दोनों की शादी हो गई। उस समय मेनका 18 साल की थीं। शादी के बाद वह गांधी परिवार का हिस्सा बन गईं। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने अपनी किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ में यह बात लिखी है।
सोनिया गांधी ने इस किताब में उस लड़की की कहानी बताई है, जो अपने जोशीले और बातूनी स्वभाव के लिए जानी जाती थी। वह परिवार की ‘छोटी बहू’ बनीं। इसके बाद परिवार और राजनीति में कई तरह के विवाद शुरू हुए। आज के दौर में इस पूरे घटनाक्रम को ‘रियलिटी शो’ कहा जा सकता है।
सोनिया गांधी किताब में लिखती हैं, ‘मेनका…बहुत जोश से भरी हुई थीं। शुरुआत में घर में एक छोटी उम्र की देवरानी का होना अच्छा लगा। लेकिन धीरे-धीरे घर का माहौल बदलने लगा। घर में छोटी-छोटी बातों पर परेशानियां होने लगीं’।
हार्परकॉलिन्स इंडिया ने इस किताब को प्रकाशित किया है। यह किताब 526 पन्नों की है। इसमें सोनिया गांधी के जीवन की पूरी कहानी बताई गई है। इसमें युद्ध के बाद इटली में उनका बचपन, नेहरू-गांधी परिवार में उनकी शादी और उनके पति राजीव गांधी की हत्या का जिक्र है। इसमें राजनीति में उनके आने की कहानी भी शामिल है।
घर में बहुरानी और छोटी बहू के बीच कैसे बढ़ीं दूरियां?
घर के कर्मचारी सोनिया गांधी को ‘बहुरानी’ कहकर बुलाते थे। सोनिया का मानना था कि वह और मेनका घर की बराबर की बेटियां हैं। दोनों के बीच रहने और अपनी जगह बनाने के लिए पर्याप्त जगह थी। लेकिन मेनका शायद इसे अपने अपमान के रूप में देखती थीं।

