कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस हादसा: ब्रेक लगाने के बावजूद नहीं रुकी ट्रेन, वायरल वीडियो पर क्या उठ रहे सवाल?

असम के गुवाहाटी के पास दिगारू रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के पटरी से उतरने से ठीक पहले का एक कथित वीडियो सामने आया है। इसमें इंजन के अंदर लोको पायलट और असिस्टेंट लोको पायलट ट्रेन को रोकने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो के मुताबिक, क्रू ने इमरजेंसी ब्रेक समेत सभी ब्रेक लगाए, लेकिन ट्रेन की रफ्तार कम नहीं हुई। हालांकि, इस वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है और पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने भी इस पर कोई बयान नहीं दिया है।लोको पायलट ने कहा- कोई ब्रेक काम नहीं कर रहा
वीडियो में क्रू के एक सदस्य को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि इमरजेंसी ब्रेक समेत सभी तरह के ब्रेक लगाए जा चुके हैं, लेकिन ट्रेन नहीं रुक रही। लोको पायलट कहते हैं, “देखिए, BP (ब्रेक पाइप) प्रेशर कम नहीं हो रहा है।” ब्रेकिंग प्रक्रिया में BP प्रेशर का कम होना जरूरी होता है। वे आगे बताते हैं कि इंजन के कैब में मौजूद इमरजेंसी ब्रेक, लोको ब्रेक और A-9 ब्रेक भी लगाए गए, लेकिन कोई काम नहीं कर रहा था। वीडियो के अंत में इंजन एक डेड एंड से टकराता है और जोरदार झटके के साथ रुक जाता है।वरिष्ठ लोको पायलटों ने वीडियो पर उठाए सवाल
वीडियो देखने वाले वरिष्ठ लोको पायलटों का कहना है कि क्रू का यह दावा सही नहीं है कि इमरजेंसी ब्रेक लगाने के बाद भी BP प्रेशर कम नहीं हो रहा था। उनके मुताबिक, डिस्प्ले मीटर यानी BP गेज में दबाव पहले ही लगभग शून्य तक गिरता दिखाई दे रहा था। एक वरिष्ठ लोको पायलट ने कहा कि संभव है घबराहट में क्रू से कोई गलत बयान दिया गया हो, लेकिन असली सवाल यह है कि BP प्रेशर शून्य होने के बावजूद ट्रेन क्यों नहीं रुकी।
45 सेकंड तक 40 के आसपास रही ट्रेन की रफ्तार
वरिष्ठ लोको पायलट के अनुसार, वीडियो में स्पीडोमीटर पर नजर डालने से पता चलता है कि करीब 45 सेकंड की रिकॉर्डिंग के दौरान ट्रेन की रफ्तार 40 के आसपास बनी रही और कुछ समय इससे अधिक भी रही। ट्रेन तब रुकी, जब वह रेड सिग्नल पार करने के बाद डेड एंड से टकराई और पटरी से उतर गई। उन्होंने आशंका जताई कि ब्रेकिंग सिस्टम में तकनीकी खराबी के कारण ट्रेन नियंत्रित नहीं हो सकी



