यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने मनाया अपना 108वां स्थापना दिवस, उप मुख्यमंत्री शुक्ल हुए शामिल

भोपाल 12 नवम्बर 2026. यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने गत 11 नवंबर को अपना 108वां स्थापना दिवस गर्व और उत्साह के साथ मनाया। बैंक की स्थापना 11 नवंबर 1919 को हुई थी। इस अवसर पर यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, क्षेत्रीय कार्यालय रीवा द्वारा होटल शार्क इन में एक स्मारक समारोह का आयोजन किया गया। यह आयोजन बैंक की एक शताब्दी से अधिक के विश्वास, नवाचार और बैंकिंग सेवाओं में उत्कृष्टता की यात्रा का प्रतीक रहा। समारोह के मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने बैंक परिवार को 108वें स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। श्री शुक्ल ने कहा कि किसी भी क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास में बैंकों की भूमिका रीढ़ की हड्डी के समान होती है। उन्होंने रीवा और विंध्य क्षेत्र की प्रगति में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, स्वरोजगार, कृषि और बुनियादी ढांचे के विकास को अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाने में बैंक महत्वपूर्ण सेतु का कार्य कर रहा है। उन्होंने बैंक अधिकारियों से आह्वान किया कि वे ग्राहकों के प्रति संवेदनशीलता और त्वरित सेवा की भावना के साथ आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निरंतर बनाए रखें। इस अवसर पर यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, क्षेत्रीय कार्यालय रीवा के क्षेत्रीय प्रमुख श्री नवीन निश्छल तथा क्षेत्रीय एश्योरेंस प्रमुख श्री मोहम्मद इब्राहिम सहित बैंक के कर्मचारी, ग्राहक, पेंशनभोगी, सम्मानित हितधारक एवं विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
स्थापना दिवस के अवसर पर राष्ट्र के प्रति सेवा और कर्तव्य की भावना के अंतर्गत देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे वीर सैनिकों के समर्थन हेतु बैंक के कर्मचारियों द्वारा राष्ट्रीय रक्षा कोष में 11.17 करोड़ रुपये का योगदान दिया गया। इसके साथ ही, बैंक ने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व गतिविधियों हेतु 13.72 करोड़ रुपये का योगदान भी प्रदान किया, जो समावेशी विकास, सामुदायिक सशक्तिकरण और राष्ट्र निर्माण के प्रति बैंक की सतत प्रतिबद्धता को दर्शाता है। समारोह में बैंक ने आधुनिक तकनीक के माध्यम से व्यावसायिक लेन-देन को सरल बनाने वाले कई नए उत्पादों एवं सेवाओं का शुभारंभ किया। इनमें डिजिटाइज्ड कॉर्पोरेट सैलरी अकाउंट्स, यूनियन व्हीकल प्लस, पीपीएफ के विरुद्ध डिजिटल ऋण, यूपीआई ग्लोबल, यूपीआई सर्किल, यूपीआई आईसीडी एवं ऑटोपे, ऑनलाइन लॉकर सुविधा, एम-पासबुक, एनपीएस तत्काल, ओमनीचैनल अनुभव सहित रिटेल इंटरनेट बैंकिंग, डिजिटल सॉल्वेंसी सर्टिफिकेट एवं केंद्रीकृत ग्राहक प्रबंधन पोर्टल शामिल हैं। इसके अलावा, श्री एम. दामोदरन (पूर्व अध्यक्ष-सेबी, यूटीआई एवं आईडीबीआई तथा अध्यक्ष-एक्सीलेंस एनेबलर्स) ने वर्चुअल माध्यम से 108 नई शाखाओं के उद्घाटन की घोषणा भी की। इन नई शाखाओं में पूर्वोत्तर क्षेत्र में 25, सामान्य व्यवसाय 51, युवा शाखाएं 16, विशेषीकृत स्टार्ट-अप शाखाएं 9 तथा एग्री वैल्यू चेन फाइनेंस शाखाएं 7 शामिल हैं, जिससे विभिन्न क्षेत्रों में बैंक की पहुंच और सुदृढ़ होगी।




