नूतन कॉलेज में आयोजित हुई विकसित भारत युवा पार्लियामेंट, ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ विषय पर युवाओं ने रखे विचार

भोपाल। मेरा युवा भारत, भोपाल (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) द्वारा नूतन कॉलेज, भोपाल में विकसित भारत युवा पार्लियामेंट का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत” रहा, जिसमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण, युवा शक्ति की भूमिका एवं विकसित भारत के संकल्प पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भोपाल दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री भगवानदास सबनानी जी एवं भाजपा के प्रदेश महामंत्री श्री राहुल कोठारी जी उपस्थित रहे। साथ ही मेरा युवा भारत मध्य प्रदेश के राज्य निदेशक श्री मंगल राम जाखड़ ,नूतन कॉलेज के प्राचार्य एवं अन्य गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
युवा पार्लियामेंट के दौरान प्रतिभागियों ने नशे के दुष्प्रभावों, युवाओं के भविष्य पर इसके प्रभाव तथा नशामुक्त भारत के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भूमिका जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर अपने विचार रखे। युवाओं ने तार्किक एवं प्रभावशाली वक्तव्यों के माध्यम से यह संदेश दिया कि एक सशक्त, स्वस्थ एवं विकसित भारत के निर्माण के लिए युवा पीढ़ी का नशामुक्त होना अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के लिए पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता के निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण मूल्यांकन के लिए निर्णायक मंडल में डॉ.सुधीर शर्मा, प्रोफेसर, महारानी लक्ष्मीबाई कॉलेज, डॉ.ममता इक्का, प्रोफेसर, पीएम एक्सीलेंस कॉलेज हमीदिया , श्री हर्षा हसवानी, अधिवक्ता, श्री शिवम मिश्रा, यूथ आइकॉन एवं श्री मोहन द्विवेदी, दूरदर्शन केंद्र की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में मेरा युवा भारत के वॉलंटियर्स विशाल शर्मा, बरखा ठाकरे, हर्ष माली, भरत रघुवंशी, आर्यन ठाकुर, देवेंद्र वर्मा एवं अभिषेक शर्मा का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन श्री उत्कर्ष तिवारी द्वारा किया गया।
इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं में संसदीय परंपराओं, लोकतांत्रिक चेतना, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के साथ-साथ नशामुक्त भारत के निर्माण के लिए युवाओं को प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने तथा “नशामुक्त युवा – विकसित भारत” के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का सार्थक मंच प्रदान किया। विजेता प्रतिभागी राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होंगे ।



