भागीरथपुरा 2 की ओर बढ़ता भोपाल नरेला जोन क्रमांक 17
लगभग 1.5 लाख की आबादी पिछले 5 वर्षों से गंदा पानी पीने को मजबूर, एक ही चेंबर में सीवेज और वाटर सप्लाई का कनेक्शन, करोंद की जनता पी रही प्रदूषित पानी


नगरीय प्रशासन मंत्री के आपत्तिजनक बयान पर कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला ने किया खुलासा
भोपाल। इंदौर में प्रदूषित पानी पीकर अकाल मौत का शिकार हुए नागरिकों पर सामने आए नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के आपत्तिजनक बयान के विरोध में कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला ने भोपाल शहर की हकीकत उजागर करने का प्रयास किया है। नरेला विधानसभा क्षेत्र के जोन क्रमांक 17 (लगभग 1.5 लाख आबादी) में निगम ने एक ही चैंबर से वाटर सप्लाई और सीवेज लाइन बनाई है जिससे पूरे क्षेत्र की जनता प्रदूषित पानी पीकर पेट की गंभीर बीमारियों से जूझ रही है। लगभग सभी घरों में एक व्यक्ति पेट दर्द से जूझ रहा है।कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला के साथ स्थानीय पार्षद एवं नागरिकों ने गुरुवार को क्षेत्र में मौजूद इन जहरीले जल स्रोत का निरीक्षण कर नगर निगम से इस मामले में तुरंत एक्शन लेने की मांग की है। शुक्ला ने आरोप लगाया है कि लंबे समय से इस मामले की शिकायत नगर निगम से की गई लेकिन नागरिकों की सुनवाई नहीं हुई है। नगर निगम ख़ुद भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा हुआ है। क्षेत्रीय पार्षद के कहने पर भी नगर निगम के अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। यदि जल्द ही स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो भोपाल में भी इंदौर की तरह अनहोनी होने की आशंका बनी हुई है। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि नरेला एवं करोद इलाके के रहवासी क्षेत्रों में नगर निगम ने सीवेज बनाने के लिए चैंबर बनाए थे और बाद में वाटर सप्लाई लाइन भी इन्हीं में से निकाल दी। उस वक्त भी जनता ने इसका विरोध किया था लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं हुई। शुक्ला ने यह चेतावनी दी है की यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो नगर निगम आयुक्त कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
इस अवसर पर वार्ड 78 पार्षद मो रियाज़, वार्ड 77 पार्षद दानिश शब्बीर ख़ान, कमरुद्दीन दाऊदी, अमित खत्री, आशीष ओझा, बाबर ख़ान, सद्दाम पठान, ज़ाहिद शेख, अनीस सलमानी, उमर अली, आदि मौजूद थे ।




