वैलेंटाइन डे पर टीचर ने 9वीं की छात्रा को किया प्रपोज
महाराष्ट्र के सतारा जिले के कराड तालुका में एक शिक्षक ने नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया


कराड (सतारा): महाराष्ट्र के सतारा जिले के कराड तालुका से शिक्षा जगत को स्तब्ध कर देने वाली एक घटना सामने आई है. मलकापुर सिटी के एक स्कूल में वैलेंटाइन डे के दिन एक शिक्षक द्वारा अपनी ही नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ और उसे ‘प्रपोज’ करने का मामला प्रकाश में आया है. इस घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश है.
क्लासरूम के बाहर बुलाकर की छेड़छाड़
घटना 14 फरवरी (वैलेंटाइन डे) की सुबह करीब 10:30 बजे की है. पीड़ित लड़की, जो मलकापुर के एक स्कूल में 9वीं कक्षा में पढ़ती है, ने पुलिस को बताया कि संबंधित शिक्षक ने उसे क्लासरूम से बाहर बुलाया था.
डरी हुई छात्रा अपनी तीन सहेलियों के साथ क्लास से बाहर निकली. शिक्षक ने अन्य तीन सहेलियों को वापस क्लास के अंदर भेज दिया और पीड़ित छात्रा को अकेला रोक लिया. छात्रा का आरोप है कि शिक्षक ने उसका हाथ पकड़ा और कहा, “मैं तुम्हें चार दिन से फोन कर रहा हूं, तुम क्यों नहीं आईं? तुम सुबह 3 बजे WhatsApp पर ऑनलाइन क्यों रहती हो? मैं तुमसे प्यार करता हूं.”
पीड़िता ने दिखाई हिम्मत
शिक्षक की इस हरकत से छात्रा बुरी तरह डर गई. वह किसी तरह अपना हाथ छुड़ाकर क्लासरूम की ओर भागी. बाद में उसने इस पूरी आपबीती को अपने दोस्तों और परिजनों के साथ साझा किया. मामले की गंभीरता को देखते हुए परिजन तुरंत उसे लेकर पुलिस स्टेशन पहुंचे.पीड़ित छात्रा की शिकायत के आधार पर कराड सिटी पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस ने बताया कि नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ और अनुचित व्यवहार के मामले में रविवार को प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और स्कूल प्रशासन से भी जानकारी जुटा रही है.



