खबरदेश

पति को जहरीला स्प्रे सुंघाकर की हत्या, पत्नी समेत तीन को पुलिस ने किया गिरफ्तार

यूपी के एटा जिले में सनसनीखेज मामला सामने आया है। पत्नी ने अपने पति को रास्ते से हटाने के लिए प्रेमी के साथ मिलकर साजिश रची। हत्या को हादसा दिखाने के लिए शव को खेत में फेंक दिया। पुलिस की जांच में पूरी वारदात का पर्दाफाश हो गया। एटा में स्टांप विक्रेता के शव के मामले में पुलिस ने घटना का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर सुनियोजित ढंग से पति को जहरीला स्प्रे सुंघाकर हत्या कर दी। पत्नी समेत तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयोग की गई कार, जहरीली स्प्रे की डिब्बी और शराब की बोतलें बरामद की गई हैं।

खेत में मिली लाश
एएसपी श्वेताभ पांडेय ने बताया कि 14 फरवरी की सुबह करीब 7:30 बजे पीआरवी को सूचना मिली कि गांव अंगरैया से बंधा रोड पर शराब के ठेके के सामने गेहूं के खेत में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। शिनाख्त के बाद मृतक की पहचान हेमंत निवासी आवास विकास कॉलोनी कोतवाली नगर व मूल निवासी विच्छंद पहाड़पुर थाना जैथरा के रूप में हुई।वह कचहरी परिसर में स्टांप विक्रेता था और पत्नी व बेटे के साथ एटा में ही रह रहा था। पोस्टमार्टम के बाद 15 फरवरी को मृतक के भाई वसंत ने थाना जैथरा में पत्नी, सुमित कुमार निवासी रेलवे रोड शांति नगर व अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।

शादी का बहाना बनाकर हेमंत को ले गए साथ

एसएसपी श्याम नारायण सिंह ने घटना के खुलासे के लिए टीमों का गठन किया। टीमों ने सर्विलांस व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज की। पूछताछ में पता चला कि मृतक की पत्नी के सुमित कुमार से अवैध संबंध थे। इसी वजह से उसको रास्ते से हटाने की नीयत से 13 फरवरी को पत्नी ने सुमित व अन्य लोगों के साथ मिलकर योजना बनाई। इसके तहत एक कार किराए पर ली गई और हेमंत को शादी में शामिल होने का बहाना बनाकर एटा से बेवर होते हुए अलीगंज मार्ग पर ले जाया गया।

रास्ते में पिलाई शराब, सुंघाया जहरीला स्प्रे

यात्रा के दौरान रास्ते में दो स्थानों पर उसे शराब पिलाई। इसके बाद नशा होने पर रेपिडेम एसएल स्प्रे जो कि जहरीली होती है। इसकी ओवरडोज सुंघाकर हेमंत की हत्या कर दी गई। हत्या को हादसा दिखाने के लिए शव को गांव अंगरैया के पास खेत में फेंक दिया।

सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल की सीडीआर के आधार पर पकड़े गए आरोपी

एएसपी ने बताया कि घटना के बारे में जानकारी के लिए थाना जैथरा व अलीगंज पुलिस के साथ ही एसओजी व सर्विलांस टीम को लगाया गया। इन टीमों ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज निकाली तो उसमें एक कार आती-जाती दिखी। इसके साथ ही मृतक के मोबाइल की सीडीआर भी निकाली गई। सारी चीजों को एक साथ मिलाने पर पता चला कि सुमित कुमार निवासी रेलवे रोड कोतवाली नगर, अजय पुत्र बनवारीलाल निवासी नगला पोता शांति नगर और मृतक की पत्नी ने इस घटना को अंजाम दिया है। इसके बाद इनको गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयोग की गई कार, तीन खाली शराब की बोतलें और जहरीली स्प्रे की डिब्बी बरामद की गई है। थाना जैथरा, अलीगंज पुलिस, एसओजी व सर्विलांस टीम को एसएसपी ने पुरस्कृत करने की घोषणा भी की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button