चचेरी मुस्लिम बहनों ने चचेरे हिंदू भाइयों से की शादी
परिवार पर लगाया धमकी देने का आरोप


मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के नौगांव क्षेत्र में दो मुस्लिम चचेरी बहनों का दो हिंदू चचेरे भाइयों से प्रेम विवाह करने का मामला सामने आया है। दोनों ने अपने पतियों के साथ वीडियो जारी करके पुलिस अधीक्षक से सुरक्षा की मांग की है। साथ ही कहा है कि उनके ससुराल पक्ष को परेशान न किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि उनके या उनके पतियों के परिवार के साथ कोई अनहोनी होती है तो इसकी जिम्मेदारी मायके पक्ष की होगी। बताया जा रहा है कि दोनों युवतियां 9 फरवरी को एटीएम से पैसे निकालने के बहाने घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराते हुए उन्हें नाबालिग बताया था और अपहरण की आशंका जताई थी। मामले को लेकर समाज के लोगों ने थाने पहुंचकर प्रदर्शन भी किया था।
प्रदर्शन के दौरान एक महिला ने पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए अपने बेटे के साथ मारपीट की शिकायत की थी। उनका कहना था कि शिकायत के बावजूद पुलिस दूसरे पक्ष के आने का इंतजार कर रही थी, जिससे आक्रोश बढ़ गया और हंगामा हुआ। वीडियो में युवतियों ने खुद को बालिग बताते हुए कहा है कि उन्होंने अपनी मर्जी से शादी की है और वे किसी दबाव में नहीं हैं। इस मामले में थाना प्रभारी बाल्मिक चौबे ने बताया कि दोनों युवतियों की गुमशुदगी दर्ज थी और परिजन अपहरण की आशंका जता रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस युवतियों की बरामदगी के प्रयास में जुटी है। उनके बयान दर्ज करने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



