खबरहेल्थ

घर पर बनाएं क्रिस्पी कटोरी चाट- शेफ तरुणा बिरला की आसान और चटपटी रेसिपी

अगर आपको घर पर बाजार जैसी चटपटी चाट बनानी है, तो शेफ तरुणा बिरला की यह क्रिस्पी कटोरी चाट रेसिपी जरूर ट्राई करें.

बाजार की चटपटी चाट-पकौड़ी भला किसे पसंद नहीं होती. पानीपुरी, दही भल्ले और अलग-अलग तरह की चाट का नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है. लेकिन कई बार ऐसा होता है कि घर पर ही कुछ टेस्टी और चटपटा खाने का मन करने लगता है, और बाहर जाने का समय या मौका नहीं होता. ऐसे में आप घर पर ही बाजार जैसी स्वादिष्ट कटोरी चाट बना सकते हैं.

अगर आप भी घर पर कुछ अलग और मजेदार चाट ट्राई करना चाहते हैं, तो शेफ तरुणा बिरला की बताई यह आसान कटोरी चाट रेसिपी जरूर बनाकर देखें. यह रेसिपी घर की छोटी-मोटी पार्टी, त्योहार या स्नैक के लिए एकदम परफेक्ट है.

कटोरी चाट बनाने के लिए सबसे पहले ये सामग्री जुटाएं

कटोरी बनाने के लिए

  • 1 कप मैदा
  • 2 बड़े चम्मच सूजी
  • 2 बड़े चम्मच तेल
  • स्वादानुसार नमक
  • पानी (आटा गूंधने के लिए)
  • तेल (डीप फ्राइ करने के लिए)

चाट फिलिंग या भरवां के लिए

  • 2 उबले आलू (कटे हुए)
  • ½ कप उबले काले चने
  • ½ छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
  • 1 छोटा चम्मच चाट मसाला
  • स्वादानुसार नमक
  • 1 छोटा चम्मच नींबू रस

टोपिंग्स के लिए

  • ½ कप फेंटी हुई दही
  • 2 चम्मच हरी चटनी
  • 2 चम्मच इमली की मीठी चटनी
  • ¼ कप सेव
  • ¼ कप बूंदी
  • 1 छोटा प्याज (बारीक कटा)
  • 1 छोटा टमाटर (बारीक कटा)
  • 2 चम्मच अनार दाने
  • थोड़ा कद्दूकस किया हुआ चुकंदर
  • हरा धनिया (गार्निश के लिए)
  1. एक बाउल में मैदा, सूजी, थोड़ा नमक और 2 चम्मच तेल डालें. अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर मीडियम टाइट डोह गूंध लें. इसे 10-15 मिनट के लिए रेस्ट करने दें.
  2. डोह की छोटी-छोटी लोई बनाकर पतली पूड़ी बेल लें. अब इन्हें छोटी स्टील कटोरी के बाहर की तरफ लगाएं और तेल में डीप फ्रा करें.
    जब यह गोल्डन और क्रिस्पी हो जाएं तो निकालकर ठंडा होने दें.
  3. एक बाउल में उबले और कटे हुए आलू, उबले काले चने, नमक, लाल मिर्च, चाट मसाला और थोड़ा नींबू रस डालकर अच्छे से मिक्स करें.
  4. अब क्रिस्पी कटोरी में आलू-चना मिक्सचर डालें. इसके ऊपर फेंटी हुई दही, हरी चटनी और इमली की मीठी चटनी डालें.
  5. ऊपर से सेव, बारीक कटा प्याज, टमाटर, बूंदी, अनार दाने और थोड़ा चाट मसाला डालें. इसके बाद हल्का सा कद्दूकस किया हुआ चुकंदर डालकर गार्निश करें. आखिर में हरा धनिया डालकर चाट को और भी कलरफुल और टेस्टी बना दें.

सर्व करने से ठीक पहले टोपिंग्स डालें ताकि क्रिस्पी कटोरी बनी रहे. इस तरह घर पर बनी कटोरी चाट टेस्ट में बिल्कुल स्ट्रीट फूड जैसी लगेगी और सभी को बेहद पसंद आएगी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button