खबरमध्य प्रदेश

उदयाचल सूर्य को अर्ध्य अर्पित कर चैती छठ पूजा का पारण सम्पन्न

भोपाल, 25 मार्च 2026. बिहार सांस्कृतिक परिषद के तत्वधान में लोक आस्था के महापर्व चैत्र छठ पूजा का आयोजन 25 मार्च को प्रातःकाल सरस्वती मंदिर छठ घाट, बरखेड़ा में भव्य रूप से सम्पन्न हुआ। इस दौरान छठव्रती श्रद्धालुओं ने निर्मित कुंडों में खड़े होकर स्वच्छ एवं पवित्र प्रकृति प्रदत्त सामग्री—गन्ना, केला, सेव, संतरा तथा ठेकुआ, लड्डूआ आदि प्रसाद के साथ उदयमान सूर्य को अर्ध्य अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना की। छठी मईया के मधुरिम गीतों के साथ सैकड़ों श्रद्धालुओं ने श्रद्धा एवं भक्ति भाव से सूर्य भगवान एवं षष्ठी माता की आराधना की तथा ढाई दिनों के कठोर उपवास के पश्चात चार दिवसीय इस महापर्व का विधिवत पारण किया। सरस्वती मंदिर प्रांगण स्थित सूर्य मंदिर में भी विधि-विधान से पूजा, हवन एवं दीपदान किया गया।

इस अवसर पर भोजपुरी, मगही एवं मैथिली भाषी महिलाओं द्वारा छठ मैया के पारंपरिक लोकगीत—
“ऊगा ऊगा हो सुरुज देवा, भइल अरग के बेल…”की प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। छठ पर्व के सफल आयोजन हेतु बिहार सांस्कृतिक परिषद के कार्यकर्ताओं द्वारा साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं का उत्कृष्ट संचालन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से संयोजक सतेन्द्र कुमार सहित सूर्य कुमार सिंह, संजय साह, राजकुमार प्रसाद, नीरज कुमार, अन्नपूर्णा देवी, रंजन सिंह, नरेंद्र सिंह, विकास कुमार, अक्षय राम, मनोज पाठक एवं सैकड़ों श्रद्धालु एवं भक्तगण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button