महिला पुरोहितों ने यज्ञोपवीत धारण कर समाज में सुसंस्कार जागरण का लिया संकल्प


भोपाल, 08 अप्रैल । गायत्री परिवार ट्रस्ट बरखेड़ा द्वारा गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के शताब्दी वर्ष कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित 5 दिवसीय प्रतिभा कौशल संवर्धन शिविर का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। समापन दिवस पर 50 महिला पुरोहितों ने यज्ञोपवीत धारण कर समाज में सुसंस्कार जागरण का संकल्प लिया।
शिविर में गायत्री परिवार के प्रांतीय प्रशिक्षक श्री रमेश अभिलाषी द्वारा यज्ञ एवं षोडश संस्कारों को वैदिक विधि-विधान के साथ सम्पन्न कराने की विधा का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के उपरांत सभी महिला प्रतिभागियों ने यज्ञोपवीत धारण कर युग पुरोहित के रूप में समाज सेवा हेतु संकल्प लिया।
इस अवसर पर श्री अभिलाषी ने कहा कि वैदिक काल में नारियां वेदपाठी होने के साथ-साथ यज्ञों में आचार्य पद का दायित्व निभाती थीं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पुनः उस गौरवशाली परंपरा को स्थापित करने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित श्री रमेश नागर (जिला समन्वयक) ने कहा कि नारियों को युग पुरोहित बनाने हेतु भोपाल जिले के अन्य स्थानों पर भी ऐसे शिविर आयोजित किए जाएंगे। वहीं शक्तिपीठ प्रकोष्ठ प्रभारी श्री आर. के. गुप्ता ने कहा कि समाज में श्रेष्ठ व्यक्तित्वों के निर्माण में गायत्री परिवार अग्रणी भूमिका निभा रहा है और यह समय सकारात्मक परिवर्तन का है।
कार्यक्रम का संचालन जिला समिति के सह-समन्वयक श्री सुरेश श्रीवास्तव ने किया तथा आभार प्रदर्शन श्रीमती सरला शर्मा द्वारा व्यक्त किया गया।





