रवीन्द्र भवन में सजी रंगों की दुनिया, RIE, भोपाल की छात्राओं की सशक्त भागीदारी


भोपाल। रवीन्द्र भवन में 11-12 अप्रैल 2026 को आयोजित दो दिवसीय “कलाग्य आर्ट प्रदर्शनी” ने कला प्रेमियों को आकर्षित किया। इस भव्य प्रदर्शनी में क्षेत्रीय शिक्षा संस्थान, भोपाल (RIE) की छात्राएँ देबार्पिता मिश्रा, निहारिका जोशी एवं पूर्णिमा विश्वकर्मा (इंटीग्रेटेड बि.एड.-एम.एड, एवं एम.एड.) ने सक्रिय रूप से भाग लेकर अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी में भोपाल के कई प्रतिष्ठित पेशेवर कलाकारों के साथ-साथ उभरते युवा कलाकारों ने भी अपनी रचनात्मकता को प्रस्तुत किया। रवीन्द्र भवन की आर्ट गैलरी रंगों और भावनाओं से सराबोर दिखाई दी, जहाँ हर चित्र अपनी अलग कहानी बयां कर रहा था।
इस अवसर पर प्रदर्शनी के मुख्य अतिथि के रूप में प्रख्यात कलाकार हेमंत वायंगंकर, हरिकांत दुबे एवं युवा गोंड कलाकार मान सिंह व्याम उपस्थित रहे, जिनकी गरिमामयी उपस्थिति ने प्रदर्शनी को प्रतिष्ठा प्रदान करने के साथ-साथ कलाकारों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनी।
क्षेत्रीय शिक्षा संस्थान की छात्राओं की कलाकृतियाँ विशेष रूप से दर्शकों का ध्यान आकर्षित करने में सफल रहीं। उनके द्वारा कैनवास पर उकेरे गए भाव और रंगों का संयोजन दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर गया।
इस प्रकार, “कलाग्य आर्ट प्रदर्शनी” कला और सृजनशीलता का एक सफल उत्सव बनकर उभरी, जिसमें RIE की छात्राओं की भागीदारी ने संस्थान का गौरव बढ़ाया।



