खबरमध्य प्रदेश

13 प्रतिशत होल्ड किए गये पदों पर नियुक्ति दे सरकार 

प्रदेश भर से आए चयनित अभ्यर्थियों ने अंबेडकर ग्राउंड पर धरना देकर की मांग

भोपाल। प्रतियोगी परीक्षा उत्तीर्ण करके वर्षों से नियुक्ति का इंतजार कर रहे 13 प्रतिशत होल्ड अभ्यर्थियों ने अपनी मांग को लेकर राजधानी स्थित अंबेडकर ग्राउंड पर धरना प्रदर्शन किया।   इस दौरान प्रदेशभर से आए ओबीसी अभ्यर्थियों ने  प्रदर्शन करते हुए शिक्षक भर्ती, पुलिस भर्ती, एमपीपीएससी सहित विभिन्न भर्तियों में होल्ड किए गए पदों पर तत्काल नियुक्ति की मांग उठाई। मध्यप्रदेश में ओबीसी वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण देने का मामला वर्तमान में न्यायालय में लंबित है। इसी के चलते प्रदेश सरकार द्वारा कई प्रतियोगी परीक्षाओं एवं भर्तियों में ओबीसी वर्ग के 13 प्रतिशत पदों को होल्ड रखा गया है। शिक्षक भर्ती पात्रता परीक्षा 2018, 2020 एवं 2023, पुलिस भर्ती, एमपीपीएससी तथा अन्य भर्ती प्रक्रियाओं में हजारों अभ्यर्थियों के परिणाम और नियुक्तियां प्रभावित हुई हैं। इन्हीं मांगों को लेकर “13 प्रतिशत होल्ड अभ्यर्थी संघ” द्वारा आज प्रदेशव्यापी आंदोलन आयोजित किया गया, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल हुए। दोपहर  45 डिग्री की भीषण गर्मी में  काफी संख्या में ओबीसी वर्ग के युवा, महिलाएं अपने साथ छोटे बच्चों को साथ लेकर धरना स्थल पर पहुंचे और अपनी नियुक्ति  के लिए सरकार से गुहार लगाई।

उच्च श्रेणी शिक्षक भर्ती की परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके जबलपुर से आए लोचन विश्वकर्मा ने कहा कि उन्होंने 2018 में पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण की थी लेकिन 8 वर्षों से नियुक्ति का इंतजार कर रहे हैं। लोचन विश्वकर्मा ने कहा कि बिगत आठ वर्षों से हम पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण करके भी बेरोजगार हैं हमें जो आर्थिक और सीनियर्टी का नुक़सान हुआ है उसकी भरपाई कौन करेगा। कानून पारित होने के बावजूद भी सरकार हमें नियुक्ति नहीं दे रही है। हमारी सरकार से मांग है कि जल्द से जल्द नियुक्ति प्रदान की जाए।

धरना प्रदर्शन में छोटे बच्चे को साथ लेकर शामिल हुईं श्यामली चंदेल ने कहा कि तीन वर्ष पहले उन्होंने तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती की परीक्षा उत्तीर्ण की थीं लेकिन आज तक नियुक्ति नहीं मिली है। हम आर्थिक और मानसिक रूप से परेशान हो रहे हैं। सरकार से मांग है कि हमें शीघ्रता से नियुक्ति प्रदान की जाए।

 

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button