विश्व रंग अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड 2026 का पोस्टर सौ से अधिक स्थानों पर हुआ लोकार्पित
भारत सहित 70 से अधिक देशों में होगा आयोजन

हिंदी भाषा के वैश्विक प्रचार–प्रसार और नई पीढ़ी को हिंदी से जोड़ने के उद्देश्य से विश्व रंग फाउंडेशन (भारत) एवं रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय, भोपाल के संयुक्त तत्वावधान में विश्व रंग अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड 2026 का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 14 सितम्बर (हिंदी दिवस) से 30 सितम्बर (अंतरराष्ट्रीय अनुवाद दिवस) तक भारत सहित विश्व के 70 से अधिक देशों में आयोजित होगा।
उल्लेखनीय है कि विगत वर्ष आयोजित विश्व रंग अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड 2025 में भारत सहित विश्व के कई देशों के लाखों विद्यार्थियों और प्रतिभागियों ने भागीदारी कर अभूतपूर्व रूप से सफल बनाया था। हिंदी ओलंपियाड के देश–विदेश के विजेताओं को भोपाल में आयोजित विश्व रंग महोत्सव में मॉरीशस के पूर्व राष्ट्रपति श्री पृथ्विराज सिंह रूपेण, भारत के पूर्व शिक्षा मंत्री श्री रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, विश्व रंग के निदेशक श्री संतोष चौबे द्वारा सम्मान निधि, प्रतीक चिन्ह और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया था। विगत वर्ष विश्वरंग हिंदी ओलंपियाड का भव्य उद्घाटन समारोह पूर्वक मध्य प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव द्वारा पोस्टर लोकार्पण एवं वेबसाइट के शुभारंभ के साथ किया गया।
इसी तारतम्य में ‘विश्व रंग अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड 2026’ के पोस्टर का लोकार्पण स्कोप ग्लोबल स्किल्स विश्वविद्यालय, भोपाल के वनमाली सभागार में गणमान्य अतिथियों द्वारा समारोह पूर्वक किया गया। इस दौरान कार्यक्रम में विश्व रंग के निदेशक और रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति संतोष चौबे, स्कोप ग्लोबल स्किल्स विश्वविद्यालय, भोपाल के कुलगुरु डॉ. विजय सिंह, श्री धीर सिंह पवैया जी ,संयोजक पर्यावरण संरक्षण गतिविधि, श्री गजेंद्र कुमार जी, प्रमुख, क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र,नागपुर, डॉ पंकज कुमार, डीन,आईसर भोपाल, अध्यक्ष आई एम एस,भोपाल, डॉ जी. डी. मिश्रा, वरिष्ठ वैज्ञानिक, मौसम विज्ञान केंद्र सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहें।
उल्लेखनीय है कि इसके साथ ही विश्व रंग अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड का पोस्टर रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय परिसर सहित आईसेक्ट समूह के सौ से अधिक केंद्रों पर समारोह पूर्वक लोकार्पित किया गया। रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय में पोस्टर का लोकार्पण कुलाधिपति श्री संतोष चौबे, प्रतिकुलपति, डॉ. अदिति चतुर्वेदी वत्स, कुलसचिव, डॉ. संगीता जौहरी, टैगोर अंतरराष्ट्रीय हिंदी केंद्र के निदेशक डॉ. जवाहर कर्नावट, एजीयू की निदेशक समन्वय डॉ. पुष्पा असिवाल, विश्व रंग सीईओ श्री विकास अवस्थी, सचिव संजय सिंह राठौर, डॉ. गायत्री राजपूत, डॉ. अरुण पाण्डेय, डॉ. अनिल तिवारी, श्री राजेश पंडा, श्री राजेश शुक्ला, श्री कुणाल सिंह, श्री कमलेश शर्मा, श्री रामदीन प्रजापति, श्री प्रशांत सोनी, श्री दिनेश लोहनी श्री शिशिर सराठे आदि उपस्थित रहें। इसके पूर्व विश्व रंग फाउंडेशन में श्री संतोष चौबे जी की अध्यक्षता में विश्व रंग अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड 2026 के आयोजन संबंधी एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस वर्ष दस लाख विद्यार्थियों की विश्व रंग ओलंपियाड में भागीदारी का लक्ष्य निर्धारित किया गया।
पोस्टर लोकार्पण के अवसर पर श्री संतोष चौबे ने विश्व रंग अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड पर अपने उद्गार व्यक्त करते हुए कहा कि विश्व रंग हिंदी ओलंपियाड 70 से अधिक देशों में हिंदी के लिए काम करने वाले, हिंदी बोलने, सुनने, लिखने वाले लोगों को एक साथ लाने का कार्य करेगा। इसका भव्य आयोजन 14 सितम्बर से 30 सितम्बर तक भारत सहित वैश्विक स्तर पर किया जाएगा। ओलंपियाड का आयोजन भारत में कक्षा 1 से लेकर कक्षा 12 वीं तक के विद्यार्थियों के लिए ऑफलाइन माध्यम से आयोजित किया जाएगा। विदेशों में लेवल 1 से लेवल 6 तक के विद्यार्थियों को छह स्तरों पर ऑनलाइन माध्यम से भागीदारी का अवसर दिया जाएगा। हिंदी ओलंपियाड अपने स्वरूप और विस्तार के लिहाज से अब तक का सबसे बड़ा सांस्कृतिक–शैक्षणिक अभियान बनकर उभरा है। विश्व रंग अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड 2026 में विजेताओं को एक करोड़ के आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएँगे, साथ ही ओलंपियाड में भागीदारी करने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को आकर्षक प्रमाणपत्र भी प्रदान किये जायेंगे।




