अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में उज्जैन में योग वेदांत महोत्सव का भव्य शुभारंभ , योग अपनाओ , स्वस्थ भारत बनाओ – डॉ. विनीत तिवारी


उज्जैन — अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में उज्जैन के प्रसिद्ध योगाचार्य एवं देवास के योग सांसद नंदकिशोर सोनी संस्थापक श्री कृष्ण योग धाम एवं आव्हान फाउंडेशन के डायरेक्टर मनोज तिवारी ने स्थानीय खंडेलवाल धर्मशाला में दो दिवसीय योग वेदांत महोत्सव का भव्य आयोजन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की वंदना से हुई। इसके बाद श्री कृष्ण योग धाम के संस्थापक योगाचार्य नंदकिशोर सोनी एवं आव्हान फाउंडेशन के डायरेक्टर मनोज तिवारी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में युवा संगीतकार कृष्णा शक्ति ने शिव योग गीत गाकर स्व-निर्मित वाद्य यंत्र “शिवाया” बजाकर समस्त उपस्थित जनों को मंत्र मुग्ध कर दिया ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भोपाल के योग सांसद एवं भारतीय योग संसद के अध्यक्ष डॉ. विनीत तिवारी ने संबोधित करते हुए कहा, कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन दर्शन है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस हमें याद दिलाता है कि हम योग को अपना कर न सिर्फ अपने आपको स्वस्थ बना सकते हैं बल्कि भारतीय योग संसद के प्रमुख विजन ‘योग अपनाओ, स्वस्थ भारत बनाओ’ को साकार कर सकते हैं। साथ ही श्री तिवारी ने कहा कि वेदांत और योग का समन्वय न सिर्फ मानसिक रूप से हमें सबल बनाता है बल्कि आध्यात्मिक लक्ष्य की प्राप्ति का मार्ग भी प्रशस्त करता है। भारतीय योग संसद के माध्यम से हम योग शिक्षा, योग चिकित्सा, युवा कल्याण, महिला सशक्तिकरण तथा अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे, ताकि ‘एक पृथ्वी, एक परिवार’ का सपना साकार हो सके। और भारत विश्व गुरु बनने की दिशा में आगे बढ़ सके ।
कार्यक्रम के विशेष अतिथि अंतर्राष्ट्रीय संत स्वामी परमानंद जी ने वेदांत दर्शन नाद ब्रह्म , शब्द ब्रह्म,ज्योति ब्रह्म एवं आत्म साक्षात्कार पर विस्तृत प्रकाश डाला ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भारतीय योग संसद वेदांत प्रकोष्ठ के संयोजक योगाचार्य नंदकिशोर सोनी ने कार्यक्रम की रूपरेखा एवं उद्देश्यों से अवगत कराया तथा वेदांत और योग के समन्वय पर बल दिया और कहा कि
वेदांत दर्शन ही भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण आधार है।
होशंगाबाद के योग सांसद डॉ. श्याम सिंह ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास का योग शिक्षकों एवं प्रशिक्षकों को प्रशिक्षण प्रदान किया।
आव्हान फाउंडेशन के डायरेक्टर मनोज तिवारी ने कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डाला और वेदांत से जुड़े प्रमुख आचार्यों एवं महर्षियों के विचारों से सभी को अवगत कराया। उन्होंने बताया वेदांत जीवन मूल्यों के लिए क्यों आवश्यक है ।
कार्यक्रम के विशेष सत्र में योगाचार्य नंदकिशोर सोनी एवं डॉ श्याम सिंह को भारतीय योग संसद के अध्यक्ष डॉ. विनीत तिवारी ने उन्हें नियुक्ति पत्र प्रदान किये ।
इस अवसर पर प्रसिद्ध दर्शन शास्त्री पी.आर. मलैया , प्रसिद्ध ज्योतिर्विद श्रीमती रेखा मेहता , अग्निहोत्र विशेषज्ञ लोकेश श्रीवास्तव एवं राकेश सक्सेना, इंद्रेश शुक्ला , तरुण राव चंदेल , अभिराज , अमन राज , अभिनय गुप्ता एवं अमित मिश्रा सहित अनेक योग साधक, योग प्रेमी और गणमान्य नागरिक प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
यह दो दिवसीय योग वेदांत महोत्सव योगाभ्यास, वेदांत चर्चा, प्रशिक्षण सत्रों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से भरा रहा, जिसमें योग प्रेमियों ने भरपूर उत्साह दिखाया।
यह आयोजन उज्जैन की पावन भूमि को योग एवं वेदांत का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में एक सशक्त कदम साबित हुआ।


