खबरमध्य प्रदेश

रीवा से सीधी, सिंगरौली रेलवे लाइन का कार्य दिसंबर 2028 तक पूरा करें – उप मुख्यमंत्री

ललितपुर, सिंगरौली रेलवे लाइन विन्ध्य के विकास को नया आयाम देगी - उप मुख्यमंत्री

भोपाल 20 जून 2026.उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कमिश्नर कार्यालय सभागार रीवा में आयोजित बैठक में ललितपुर, सिंगरौली रेलवे लाइन के कार्यों की समीक्षा की। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि ललितपुर सिंगरौली रेलवे लाइन का कार्य पूरा होते ही विन्ध्य क्षेत्र में तेजी से विकास होगा। सिंगरौली के कोयला भण्डारों, सतना के सीमेंट भण्डार और अन्य उत्पादों को राष्ट्रीय बाजारों से जुड़ने का मौका मिलेगा। सतना, रीवा, सीधी से सिंगरौली तक की रेलवे लाइन का निर्माण कार्य दिसंबर 2028 तक पूरा करायें। सीधी और सिंगरौली कलेक्टर निर्माण कार्यो के लिए आवश्यक भूमि तत्परता से उपलब्ध करायें। निर्माण कार्यों की सभी बाधाएें दूर कर तेजी से निर्माण कार्य करायें। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सतना से रीवा और रीवा से सीधी तक रेलवे लाइन का कार्य पूरा हो चुका है। सीधी से सिंगरौली के बीच बनाये जाने वाले 14 रेल टनल का निर्माण तेजी से करायें। रेलवे लाइन के निर्माण में जनप्रतिनिधि और प्रशासन रेलवे को पूरा सहयोग करेंगे। रेलवे के अधिकारी कलेक्टर द्वारा आयोजित साप्ताहिक टीएल बैठक में उपस्थित होकर निर्माण कार्य से जुड़ी बातें रखें। कलेक्टर उनकी सभी कठिनाईयों को दूर रखेंगे। ललितपुर सिंगरौली रेलवे लाइन का निर्माण कार्य पूरा होने पर विन्ध्य के विकास को नया आयाम मिलेगा।ठक में सांसद रीवा श्री जनार्दन मिश्रा ने कहा कि रेलवे के अधिकारी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। रेल परियोजना और रीवा रेलवे स्टेशन के विकास से जुड़े निर्माण कार्यों का पूरा होने पर समारोहपूर्वक लोकार्पण करायें। निर्माण कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करें। बैठक में सांसद सीधी डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि सीधी में बहरी तक रेलवे लाइन के निर्माण की सभी बांधायें दूर कर दी गई हैं। गोपद नदी में पुल और टनलों का निर्माण तत्काल शुरू करायें। बरगवां, मड़वास और व्यौहारी रेलवे स्टेशन में आवश्यक निर्माण कार्य कराके सुविधाओं का विकास करें। बैठक में रेलवे के डीआरएम केके तलरेजा ने बताया कि दिसंबर 2028 तक सिंगरौली तक रेलवे लाइन का निर्माण कार्य पूरा हो जायेगा। सीधी से सिंगरौली के बीच 14 में से 4 का टनल कार्य शुरू हो गया है। रीवा रेलवे स्टेशन में शेष निर्माण कार्य 30 सितंबर तक पूरा कराकर इसका लोकार्पण किया जायेगा। प्रशासन से रेलवे को अच्छा सहयोग मिल रहा है अब सभी निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में पूरे किये जायेंगे। जुलाई माह के अंत तक चुरहट तथा 31 अगस्त तक ट्रेन को सीधी तक पहुंचा देंगे। सीधी स्टेशन का कार्य लगभग पूरा हो गया है। सतना से पन्ना के बीच देवेन्द्र नगर तक कार्य पूरा हो गया है। खजुराहों से पन्ना जिले के अजयगढ़ तक कार्य तेजी से जारी है। घाटी होने के कारण पन्ना से अजयगढ़ सेक्सन में कठिनाई आ रही है। बैठक में ग्राम चंदवाई स्टेशन के लिए भू अर्जन तथा सिंगरौली जिले में रेलवे लाइन का निर्माण कार्य तेजी से शुरू कराने के संबंध में निर्णय लिया गया। बैठक में कमिश्नर रीवा बीएस जामोद ने कहा कि रेलवे को प्रशासनिक अधिकारी पूरा सहयोग करेंगे। बैठक में कलेक्टर सीधी विकास कुमार मिश्रा तथा कलेक्टर सिंगरौली गौरव बैनल, वीडियो कान्फ्रेंसिंग से शामिल हुए। बैठक में पुलिस अधीक्षक गुरूकरन सिंह, अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी तथा रेलवे के अधिकारी एमएस हाशमी, दिलीप सिंह, सीएल मीणा, इन्द्रजीत वर्मा तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button