खबरमध्य प्रदेश

अंतर्राज्यीय बर्ड ट्रेड गिरोह की महिला तस्कर गिरफ्तार

स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स (एसटीएसएफ), मध्यप्रदेश की इंदौर इकाई ने वन्यजीव तस्करी के विरुद्ध अभियान में लगातार सफलता प्राप्त करते हुए अंतर्राज्यीय बर्ड ट्रेड गिरोह की 9वीं मुख्य आरोपी सविताबेन (पति : विनोद दंतानी, निवासी अहमदाबाद, गुजरात) को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले तीन वर्षों से फरार चल रही थी। सविता बेन को 20 जुलाई 2026 को इंदौर में गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि गिरोह मध्यप्रदेश से संरक्षित प्रजाति के पक्षियों (तोतों) का अवैध परिवहन कर उन्हें गुजरात के विभिन्न शहरों में ऊंचे दामों पर बेचता था। विशेष न्यायालय, इंदौर में प्रस्तुत किए जाने के बाद न्यायालय ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। प्रकरण की विस्तृत विवेचना जारी है। बर्ड- ट्रेड गिरोह के विरुद्ध जारी कार्रवाइयों की श्रृंखला में 20 जुलाई 2026 को के 8वें आरोपी अहमदाबाद निवासी आशीष को गिरफ्तार किया गया था।

एसटीएसएफ, इंदौर ने मई 2023 में वन्यजीवों के अवैध व्यापार में संलिप्त एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया था। कार्रवाई के दौरान वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की अनुसूची-II के अंतर्गत संरक्षित 35 प्लम-हेडेड पैराकीट तथा 16 रोज-रिंग्ड पैराकीट बरामद किए गए थे। इस संबंध में 20 मई 2023 को वन अपराध प्रकरण दर्ज किया गया था। अब तक इस मामले में गिरोह के कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button