खबर

Gen Z अब सवाल पूछने से नहीं डरती… करीना कपूर से लेकर अनन्या पांडे तक छात्रों के सपोर्ट में उतरे बॉलीवुड सितारे

दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहा NEET Protest अब सिर्फ छात्रों का आंदोलन नहीं रह गया है, बल्कि पूरे देश में चर्चा का विषय बन चुका है. सोशल मीडिया पर जेन Z लगातार इस मुद्दे पर अपनी बात रख रही है और अब बॉलीवुड भी उनके सपोर्ट में खुलकर सामने आ गया है. सलमान खान, आलिया भट्ट और अनन्या पांडे के बाद करीना कपूर, वरुण धवन और सारा अली खान ने भी छात्रों का साथ दिया है. सभी सितारों का कहना है कि जब पूरी एक पीढ़ी अपने भविष्य के लिए आवाज उठा रही है, तो उसकी बात सुनना जरूरी है.

करीना कपूर ने अपने इंस्टाग्राम पर एक इमोशनल नोट शेयर किया. उन्होंने लिखा कि वह पिछले कुछ दिनों से इस मुद्दे पर सोच रही थीं, लेकिन अब चुप नहीं रह सकतीं. उन्होंने कहा कि जब हजारों छात्र एक साथ अपनी बात कह रहे हैं, तो उनकी आवाज को अनसुना करना सही नहीं है.

करीना ने कहा कि पढ़ाई सिर्फ डिग्री लेने का नाम नहीं है. शिक्षा बच्चों को सपने देखने की ताकत देती है, आत्मविश्वास देती है और परिवार को बेहतर भविष्य की उम्मीद देती है. लेकिन अगर बच्चों को लगने लगे कि मेहनत और ईमानदारी की कोई कीमत नहीं है, तो उनका पूरा भरोसा टूट जाता है.

उन्होंने आगे लिखा कि हर छात्र ऐसी शिक्षा व्यवस्था का हकदार है, जहां मेहनत का सम्मान हो, मेरिट सबसे ऊपर हो और सभी को बराबरी का मौका मिले. उनके मुताबिक, छात्रों की बात सुनना कोई एहसान नहीं बल्कि समाज की जिम्मेदारी है.

वरुण धवन ने भी छात्रों का खुलकर समर्थन किया. उन्होंने कहा कि छात्र देश का भविष्य हैं. अगर किसी छात्र का सपना टूटता है, तो सिर्फ एक बच्चे का नहीं बल्कि पूरे परिवार का सपना टूट जाता है.

उन्होंने कहा कि अगर छात्रों को लगता है कि सिस्टम ने उनके साथ न्याय नहीं किया, तो उन्हें सवाल पूछने का पूरा अधिकार है. उनकी बात सुनी जानी चाहिए और उनकी मांगों पर ईमानदारी से काम होना चाहिए.

वरुण ने यह भी कहा कि यह आंदोलन छात्रों के मुद्दों तक ही सीमित रहना चाहिए और इसका मकसद सिर्फ शिक्षा व्यवस्था में सुधार होना चाहिए. उन्होंने शांतिपूर्ण प्रदर्शन को लोकतंत्र का अधिकार बताया.सारा अली खान ने भी इंस्टाग्राम पर छात्रों के समर्थन में पोस्ट शेयर की. उन्होंने लिखा कि छात्रों का हौसला और अपने भविष्य के लिए लड़ने की ताकत उन्हें भावुक कर देती है. उनके मुताबिक, यही सच्ची देशभक्ति है. उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार छात्रों को न्याय देगी और उनकी मांगों पर सही फैसला लेगी.

अनन्या पांडे ने अपनी पोस्ट में Gen Z की तारीफ की. उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी अब सिर्फ इसलिए किसी बात को नहीं मानती क्योंकि “हमेशा से ऐसा ही होता आया है.”

उन्होंने लिखा कि Gen Z कोई शॉर्टकट नहीं मांग रही, बल्कि सिर्फ निष्पक्षता चाहती है. उनके मुताबिक, सवाल पूछना बदतमीजी नहीं है और अपनी बात रखना बगावत नहीं, बल्कि बदलाव की शुरुआत है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button