खबर

दृश्यम’ जैसी खौफनाक वारदात, पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति को सायनाइड दिया; 12 फीट नीचे दफनाया श’व

गुजरात के जामनगर में फिल्म ‘दृश्यम’ की कहानी से मिलते-जुलते एक मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को फर्श के 12 फुट नीचे से एक व्यक्ति का कंकाल बरामद किया। आशंका है कि दो साल पहले उसकी पत्नी, उसके प्रेमी और एक अन्य सहयोगी ने उसकी हत्या कर शव को कंक्रीट के फर्श के नीचे दफना दिया था। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी अपने परिजनों से लगातार यह कहती रही कि उसका पति काम के सिलसिले में ऑस्ट्रेलिया गया है और उसके नियोक्ता द्वारा फोन करने की अनुमति नहीं होने के कारण उससे संपर्क नहीं हो पा रहा। अधिकारी ने बताया कि यह साजिश तब उजागर हुई, जब जिग्नेश का एक चचेरा भाई ऑस्ट्रेलिया जाने की योजना बना रहा था और वहां उससे मिलने के लिए उसका संपर्क नंबर और पता उसकी पत्नी पृथ्वी उर्फ भूमिबेन से मांगने लगा।

आखिरकार, कोई दूसरा विकल्प न बचने पर परिजनों ने 26 जुलाई को पुलिस से संपर्क किया। जिग्नेश के भाई ने सिटी ‘बी’ डिवीजन पुलिस थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई और आशंका जताई कि उसके भाई के लापता होने के पीछे उसकी पत्नी और उसके कथित प्रेमी का हाथ है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान पृथ्वी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसने निलेश कछाटिया और बलवीर वर्मा के साथ मिलकर जिग्नेश की शराब में सायनाइड मिलाकर उसकी हत्या कर दी थी और शव को डारेड जीआईडीसी इलाके में एक शेड के फर्श के लगभग 12 फुट नीचे दबा दिया।

पुलिस ने आरोप लगाया कि 31 मई 2024 की रात आरोपियों ने जिग्नेश को शराब पार्टी का झांसा देकर जामनगर के दरेड़ जीआईडीसी क्षेत्र स्थित एक औद्योगिक शेड में कथित तौर पर बुलाया था। सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) प्रतिभा ने बताया, ”शराब में सायनाइड मिलाकर पिलाने के बाद जिग्नेश की मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने कथित तौर पर करीब 12 फुट गहरा गड्ढा खोदकर शव को उसमें दफना दिया, ऊपर मिट्टी डाल दी और बाद में उस स्थान को करीब एक फुट मोटी कंक्रीट की परत से ढक दिया।” उन्होंने बताया कि आरोपियों की मौजूदगी में खुदाई के बाद कंकाल बरामद किया गया जो जिग्नेश का हो सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि शव को दफनाने वाली जगह पर एक फुट मोटी कंक्रीट की परत को तोड़ने के लिए उपकरण का इस्तेमाल करना पड़ा।

एएसपी ने बताया, ”मृतक की पहचान के लिए शव के अवशेष फॉरेंसिक विशेषज्ञों को सौंप दिए गए हैं। पीड़ित की पत्नी, उसके कथित प्रेमी और उनके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया गया है।” पृथ्वी उर्फ भूमिबेन, उसके कथित प्रेमी निलेश कछाटिया और उनके सहयोगी बलवीर वर्मा को हत्या, सबूत मिटाने और अन्य आरोपों में गिरफ्तार किया गया है। शिकायत के अनुसार, प्रेम विवाह करने वाले और दो बेटियों के पिता जिग्नेश करीब दो वर्षों से अपने परिवार के संपर्क में नहीं थे। एएसपी ने बताया कि मामले में घटनाक्रम की पूरी कड़ी स्थापित करने और अन्य साक्ष्य जुटाने के लिए जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button