रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय ने “ऑपरेशन ग्रीन 3.0” का किया आयोजन, 500 विभिन्न प्रजातियों के पौधों का किया गया वितरण
आरएनटीयू में “ऑपरेशन ग्रीन 3.0” का आयोजन, एनसीसी कैडेट्स ने बांटे 500 विभिन्न प्रजातियों के पौधों

भोपाल। रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय (RNTU) की एनसीसी नेवल विंग ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर “ऑपरेशन ग्रीन 3.0” का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य “हमारे वीरों को स्मरण करते हुए पर्यावरण की रक्षा” का संदेश जन-जन तक पहुंचाना था। इसके तहत विभिन्न प्रजातियों के पौधों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट मनोज सिंह मनराल, एनसीसी प्रशिक्षक दुर्गा वर्मा सहित 30 एनसीसी कैडेट्स शामिल हुए।
इस अभियान के अंतर्गत भोपाल शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों पर लगभग 500 विभिन्न प्रजातियों के पौधों का वितरण किया गया। कैडेट्स ने नागरिकों को पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करते हुए हरित एवं स्वच्छ भारत के निर्माण का संदेश दिया। इसके बाद कैडेट्स ने राजधानी के युद्धस्थल का दौरा किया, जहां उन्होंने कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान कैडेट्स ने कारगिल युद्ध की गौरवगाथा, युद्ध में प्रयुक्त हथियारों, युद्ध स्मृतियों, आधुनिक सैन्य तकनीकों और अत्याधुनिक हथियार प्रणालियों की जानकारी भी प्राप्त की।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलगुरू प्रो. आरपी दुबे ने कहा कि कारगिल विजय दिवस पर आयोजित “ऑपरेशन ग्रीन 3.0” देशभक्ति और पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणादायी अभियान है। हमारे एनसीसी कैडेट्स ने वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए समाज में हरित एवं जिम्मेदार भारत का संदेश पहुंचाया है।
वहीं रजिस्ट्रार डॉ. संगीता जौहरी ने कहा कि “एक वृक्ष लगाएं, एक सैनिक का सम्मान करें” जैसे अभियान युवाओं में राष्ट्रीय चेतना, पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करते हैं। एनसीसी नेवल विंग का यह प्रयास सराहनीय है।
यह अभियान देशभक्ति, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का एक उत्कृष्ट संगम रहा, जिसने युवाओं एवं नागरिकों को हमारे वीर सैनिकों के बलिदान का सम्मान करते हुए एक हरित एवं सशक्त भारत के निर्माण के लिए प्रेरित किया। नारा दिया गया “एक वृक्ष लगाएं, एक सैनिक का सम्मान करें।”


