मध्य प्रदेश

मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को चार नई हवाई सेवाओं का करेंगे शुभारंभ

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार, 9 अगस्त को राजा भोज एयरपोर्ट, भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश की चार नई सीधी हवाई सेवाओं का शुभारंभ करेंगे। इनमें भोपाल-रीवा, भोपाल-पटना, रीवा-कोलकाता और जबलपुर-कोलकाता हवाई मार्ग शामिल हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव भोपाल से रीवा की पहली उड़ान को फ्लैग ऑफ करेंगे। इन नई सेवाओं के शुरू होने से प्रदेश की आंतरिक एवं अंतर्राज्यीय हवाई कनेक्टिविटी को और मजबूती मिलेगी। इन सेवाओं का संचालन अलायन्स एयर द्वारा किया जाएगा। इन सभी घरेलू हवाई मार्गों को मध्यप्रदेश नागरिक विमानन नीति के अंतर्गत वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। प्रत्येक राउंड ट्रिप पर राज्य शासन द्वारा 10 लाख रुपये तक की वायबिलिटी गैप फंडिंग (VGF) दी जाएगी।

राज्य सरकार द्वारा हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार को निरंतर प्राथमिकता दी जा रही है। मध्यप्रदेश नागरिक विमानन नीति-2025 के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न शहरों को देश के प्रमुख गंतव्यों से जोड़ने और नागरिकों को सुगम, सुरक्षित और समयबद्ध आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। नीति के अंतर्गत अब तक 8 नए हवाई मार्ग स्वीकृत किए जा चुके हैं। इनमें से चार मार्गों पर हवाई सेवाएं प्रारंभ हो चुकी हैं, जबकि चार नए मार्गों पर सेवाएं प्रारंभ की जा रही हैं। नीति के अंतर्गत पहले प्रारंभ किए गए मार्गों में रीवा-दिल्ली, रीवा-इंदौर, रीवा-रायपुर और इंदौर-अबूधाबी शामिल हैं।

प्रदेश के भीतर और अन्य राज्यों से बढ़ेगा हवाई संपर्क

भोपाल-रीवा सीधी हवाई सेवा प्रदेश के भीतर हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी। इससे राजधानी भोपाल और विंध्य क्षेत्र के बीच सीधा हवाई संपर्क और सुदृढ़ होगा। इसी प्रकार भोपाल-पटना सीधी उड़ान से मध्यप्रदेश की राजधानी सीधे बिहार की राजधानी से जुड़ेगी। इससे दोनों राज्यों के बीच आवागमन सुगम होगा और मध्यप्रदेश में निवासरत बिहार की बड़ी आबादी के साथ यात्रियों, व्यापारियों एवं कारोबारियों को सुविधा मिलेगी। रीवा-कोलकाता और जबलपुर-कोलकाता के बीच सीधी हवाई सेवाएं शुरू होने से प्रदेश के इन दोनों महत्वपूर्ण शहरों का कोलकाता और पूर्वी भारत से हवाई संपर्क मजबूत होगा।

हवाई यात्रा से समय की बचत के साथ विकास को मिलेगी गति

नई सीधी हवाई सेवाओं से प्रदेश के नागरिकों को लंबी यात्राओं की तुलना में कम समय में अपने गंतव्य तक पहुंचने की सुविधा मिलेगी। हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार से यात्रियों के आवागमन को सुगम बनाने के साथ विभिन्न शहरों के बीच संपर्क को भी गति मिलेगी। नई हवाई सेवाओं का विस्तार प्रदेश में पर्यटन, व्यापार, शिक्षा और आर्थिक गतिविधियों को गति देने के साथ नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधाएं उपलब्ध होगी।

कार्यक्रम में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री किन्जारापु राममोहन नायडू, उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल, केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव श्री समीर कुमार सिन्हा, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के चेयरमैन श्री विपिन कुमार, अलायन्स एयर के चेयरमैन श्री अमित कुमार, अपर मुख्य सचिव विमानन, श्री संजय कुमार शुक्ला, आयुक्त विमानन श्री चंद्रमौली शुक्ला, भोपाल एयरपोर्ट के डायरेक्टर श्री आलोक त्रिपाठी सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button