रीवा से भोपाल और कोलकाता को हवाई सेवा की मिली सौगात
विन्ध्य का वर्षों से संजोया हुआ हवाई सेवा का सपना हो रहा साकार - उप मुख्यमंत्री एयर कनेक्टिविटी बढ़ने से विन्ध्य में पर्यटन और उद्योग का तेजी से होगा विकास

भोपाल 09 अगस्त 2026. रीवा को आज भोपाल और कोलकाता से सीधी हवाई सेवा की सौगातें मिली हैं। इस अवसर पर एयरपोर्ट रीवा में आयोजित समारोह में उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि विंध्य के लोगों ने हवाई सेवा का जो सपना बरसों से देखा था वह पूरा हो रहा है। रीवा से भोपाल और रीवा से कोलकाता की हवाई सेवा के साथ आज पूरा विंध्य देश के बड़े महानगरों से हवाई सेवा से जुड़ गया है। यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की उड़ान योजना से रीवा एयरपोर्ट का विस्तार हुआ। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा नई विमानन नीति में स्टेट बीजीएफ मद से हवाई सेवा में अनुदान का प्रावधान किया गया। जिससे रीवा को सिर्फ 10 माह की छोटी अवधि में पाँच हवाई सेवाओं की सुविधा मिल गई है। इसके लिए पूरा विंध्य प्रधानमंत्री जी और मुख्यमंत्री जी के प्रति आभारी है। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल आज रीवा से भोपाल नवीन फ्लाइट सेवा से आए। इसके पश्चात वे भोपाल से रीवा होते हुए नवीन फ्लाइट सेवा में रीवा से कोलकाता जायेंगे।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि 9 अगस्त रीवा के लिए ऐतिहासिक दिन है। रीवा में हवाई सेवाओं के विस्तार के लिए सांसद रीवा और सांसद सतना ने बहुत प्रयास किए हैं। सबके प्रयासों से आज रीवा विकास की नई उड़ान भर रहा है। रीवा एयरपोर्ट की विकासगाथा डबल इंजन सरकार की सफलता का आदर्श उदाहरण है। एयर कनेक्टिविटी बढ़ने से पूरे विंध्य में पर्यटन, उद्योग और अन्य क्षेत्र में विकास को पंख लगेंगे। विन्ध्य में पतंजलि समूह, टाटा समूह तथा महिन्द्रा समूह जैसे बड़े औद्योगिक समूह निवेश के लिए उत्सुक हैं।
इस अवसर पर नगरीय विकास राज्य मंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी और मुख्यमंत्री जी ने विन्ध्य को विकास की नई सौगातें दी हैं। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल के अथक प्रयासों का फल आज हम सबको मिल रहा है। समारोह में सांसद रीवा श्री जनार्दन मिश्र ने कहा कि वह जमाना बीत गया जब हम आकाश में उड़ते हवाई जहाजों को देखकर अचरज से भर जाते थे। अब रीवा से पाँच बड़े शहरों के लिए शुरू हुई हवाई सेवा विकास की नई उड़ान बनेगी। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश में एयपोर्ट की संख्या 177 हो गई है और भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा हवाई सेवा वाला देश बन गया है। समारोह में सांसद सतना श्री गणेश सिंह ने कहा कि विन्ध्य में विकास का नया अध्याय लिखा जा रहा है। विन्ध्य में प्राकृतिक संसाधन, पर्यटन स्थल तथा धार्मिक स्थल भरपूर हैं। हवाई सेवा से इनमें तेजी से विकास होगा।
समारोह में विधायक मनगवां श्री नरेन्द्र प्रजापति ने हवाई सेवा की उपलब्धियों के लिए सभी को बधाई दी। पूर्व मंत्री श्री पुष्पराज सिंह ने समारोह में कहा कि उप मुख्यमंत्री जी के प्रयासों से रीवा के विकास की जो कार्ययोजना क्रियान्वित हो रही है उसने यहाँ की तस्वीर बदल दी है। हवाई सेवा के विस्तार से टूरिज्म कॉरिडोर बनाने और व्यापार में तेजी से वृद्धि होगी। समारोह में जिला भाजपा अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र गुप्ता ने कहा कि रीवा में हवाई पट्टी से एयरपोर्ट बनने और पाँच हवाई सेवाओं की सुविधा होने से विकास के नए द्वार खुलेंगे। उप मुख्यमंत्री जी के प्रयासों से रीवा एयपोर्ट का विस्तार और बड़े विमानों की भी सुविधा मिलेगी।
समारोह में विधायक मैहर श्री श्रीकांत चतुर्वेदी, विधायक व्यौहारी श्री शरद कोल, जिला पंचायत अध्यक्ष रीवा श्रीमती नीता कोल, महापौर सतना श्री योगेश ताम्रकार, विन्ध्य विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. पंचूलाल प्रजापति, पूर्व विधायक श्री श्यामलाल द्विवेदी, अन्य जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। कोलकाता से रीवा पहुंचे यात्रियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया। विन्ध्य की माटी के परंपरागत गुदुमबाजा लोकनृत्य से कोलकाता से आने वाले और भोपाल जाने वाले यात्रियों का स्वागत किया गया।





