खबर

मिजोरम में दर्दनाक हादसा, टंकी की सफाई करने के दौरान 2 मजदूरों की मौत

मिजोरम के चम्फाई जिले के त्लांगसम गांव में बुधवार को पानी की टंकी की सफाई करते समय दो श्रमिकों की मौत हो गयी। पुलिस ने बताया कि यह घटना मिजोरम-म्यांमार सीमा के पास स्थित गांव में हुई। त्लांगसम के डिंथार वेंग की रहने वाली एफ. ह्रांगमावी ने बारिश बढ़ने की संभावना को देखते हुए अपनी पानी की टंकी की सफाई के लिए वनलालपेका और वननुमविया को काम पर रखा था। सबसे पहले 39 वर्षीय वनलालपेका टंकी में उतरा और जल्द ही बेहोश हो गया। यह देखकर, वननुमविया अपने साथी को बचाने के लिए टंकी में उतरा। पास ही काम कर रहे दो अन्य लोग, लालेंगमाविया और लालहमिंगथांगा भी बचाव कार्य में शामिल हो गये। टंकी में घुसने के बाद वननुमविया और लालेंगमाविया भी गिर पड़े।

पुलिस के अनुसार लालहमिंगथांगाटंकी में घुसने वाले चारों लोगों में आखिरी था और वह किसी तरह शोर मचाने में कामयाब रहा। इसके बाद आसपास काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे और उन लोगों को टंकी से बाहर निकाला। इसके बाद वनलालपेका, 33 वर्षीय लालेंगमाविया और वननुमविया को पास के अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस ने बताया कि अस्पताल पहुंचने के बाद वनलालपेका और लालेंगमाविया की मौत हो गयी। पानी की टंकी की गहराई लगभग सात फीट बताई जा रही है और घटना के समय उसमें लगभग दो फीट पानी था। टंकी में उतरे बचाव कर्मियों ने बताया कि अंदर हालात बहुत खराब थे। वहां सांस लेने लायक हवा नहीं थी और अंदर बहुत तेज बदबू आ रही थी। इन हालात से इस बात की संभावना बढ़ गयी है कि बंद टंकी के अंदर ऑक्सीजन की कमी के कारण वे लोग बेहोश हो गये होंगे। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button