खबरराजनीतिक

PM मोदी ने याद किए गुजरात CM के दिन, बोले- बेटियों को पढ़ते देखकर मिला सबसे बड़ा संतोष

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए कहा कि बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए भीषण गर्मी में गांव-गांव जाना उनके जीवन के सबसे संतोषजनक अनुभवों में से एक रहा। उन्होंने कहा कि बाद में उन्हीं बच्चियों को नर्स बनते और उच्च शिक्षा हासिल करते देख जो खुशी मिली, वह मुख्यमंत्री या प्रधानमंत्री के पद से मिलने वाले संतोष से कहीं अधिक थी।

44 डिग्री तापमान में गांव-गांव जाते थे मोदी
नवसारी में भाजपा के नए कार्यालय ‘नमो कमलम’ का उद्घाटन करने के बाद कार्यकर्ताओं और आम लोगों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि जब उन्होंने पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली, तब शुरुआती वर्षों में वह जून की भीषण गर्मी में गांव-गांव जाते थे। उन्होंने बताया कि उस समय तापमान करीब 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता था। गांवों में 24 घंटे बिजली की सुविधा भी नहीं थी और पंखे तक कम ही चलते थे।

बच्चियों का हाथ पकड़कर स्कूल ले जाने की सुनाई कहानी
पीएम मोदी ने कहा कि वह ‘कन्या केलवणी’ अभियान के तहत बालिका शिक्षा और स्कूलों में नामांकन बढ़ाने के लिए गांवों में जाते थे। उन्होंने कहा कि छोटी बच्चियों का हाथ पकड़कर उन्हें स्कूल ले जाते और उनके माता-पिता से बेटियों को पढ़ाने का आग्रह करते थे। उन्होंने कहा कि यह अभियान लगातार चलता रहा और इसका वास्तविक असर कई साल बाद देखने को मिला।

‘साहब, आप मुझे स्कूल लेकर गए थे… आज मैं नर्स बन गई हूं’
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में भावुक अनुभव साझा करते हुए कहा कि आज जब वह प्रधानमंत्री के रूप में किसी गांव में जाते हैं तो वही लड़कियां, जिन्हें वह कभी स्कूल ले जाते थे, बड़ी होकर उनसे मिलती हैं। उन्होंने कहा कि कई बार ये लड़कियां पुरानी तस्वीरें लेकर उनके पास आती हैं और गर्व से बताती हैं कि “साहब, आप मुझे स्कूल लेकर गए थे और आज मैं नर्स बन गई हूं” या वे उच्च शिक्षा हासिल कर रही हैं

निस्वार्थ जनसेवा कभी व्यर्थ नहीं जाती’
मोदी ने कहा कि ऐसे अनुभवों ने उनके विश्वास को मजबूत किया है कि निस्वार्थ जनसेवा कभी व्यर्थ नहीं जाती। उन्होंने कहा कि किसी गरीब आदिवासी परिवार की उस बच्ची से 18-20 साल बाद मिलना, जिसे कभी उन्होंने स्कूल जाने के लिए प्रेरित किया था, उनके लिए जीवन का सबसे गहरा संतोष है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से भी इसी भावना के साथ काम करने की अपील की और कहा कि सत्ता और पद लोगों की सेवा का माध्यम होना चाहिए।

‘हमारे लिए समाज सर्वोपरि है’
प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा ने अपने कार्यकर्ताओं में यह विश्वास पैदा किया है कि समाज सर्वोपरि है और लोगों की सेवा उनके जीवन का स्वाभाविक हिस्सा होनी चाहिए। उन्होंने कहा, “मेरे लिए जनता जनार्दन ईश्वर का स्वरूप है।”

रेहड़ी-पटरी वालों के लिए सरकारी योजनाओं का जिक्र
पीएम मोदी ने रेहड़ी-पटरी वालों के लिए सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बैंक खाते, बिना गारंटी के ऋण और डिजिटल भुगतान जैसी सुविधाओं के जरिए उन्हें साहूकारों पर निर्भरता से बाहर निकालने का प्रयास किया गया है। उन्होंने बताया कि समय पर 15 हजार रुपये का ऋण चुकाने वाले लाभार्थियों को आगे 30 हजार और फिर 50 हजार रुपये तक का ऋण मिल सकता है।

‘लोगों की जिंदगी बदल रही है’
मोदी ने कहा कि इन योजनाओं के कारण कई परिवारों में पहले जहां केवल एक व्यक्ति कमाता था, वहीं अब दो लोग कमाने लगे हैं। लकड़ी की रेहड़ियों की जगह स्थायी दुकानें और रोजाना सामान लाने की जगह एक सप्ताह का सामान रखने की क्षमता विकसित हुई है। उन्होंने नवसारी के भाजपा कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी रेहड़ी-पटरी वाला सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहे।

स्वच्छता अभियान की भी की सराहना
प्रधानमंत्री ने नवसारी जिले में चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान की सराहना करते हुए कहा कि लोगों की भागीदारी से विकास के प्रयासों को स्थायी बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को केवल अभियान नहीं बल्कि स्वाभाविक आदत और गुण बनाने की जरूरत है।

‘नमो कमलम’ को जनसेवा का केंद्र बनाने की अपील
नवसारी में नवनिर्मित भाजपा कार्यालय ‘नमो कमलम’ का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा कि यह सिर्फ एक भवन नहीं, बल्कि जनसेवा का केंद्र बनना चाहिए।उन्होंने कहा कि परेशान लोग यहां मदद की उम्मीद लेकर आ सकें, ऐसी सेवा की परंपरा विकसित होनी चाहिए। उनके मुताबिक केवल भवन बनाना महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि उसके माध्यम से सेवा की पहुंच को व्यापक बनाना जरूरी है।

‘सत्ता नहीं, सेवा के लिए है भाजपा’
पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा का सामान्य जमीनी कार्यकर्ता भी सत्ता के नशे में नहीं रहा। उन्होंने कहा कि वर्षों से लोगों का समर्थन और प्यार मिलने के बावजूद पार्टी कार्यकर्ताओं ने जनसेवा का मार्ग नहीं छोड़ा। उन्होंने कहा, “हमारे लिए सत्ता सेवा के लिए है। संगठन सेवा के लिए है। पद सेवा के लिए है और प्रतिष्ठा सेवा के लिए है।”

नवसारी के पुराने चुनावी रिकॉर्ड का भी किया जिक्र
प्रधानमंत्री ने नवसारी के 2019 के लोकसभा चुनाव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि नवसारी ने भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री सी. आर. पाटिल को देश में सबसे बड़े जीत के अंतर से जिताकर राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था। 2019 में पाटिल ने नवसारी लोकसभा सीट पर करीब 6.89 लाख वोटों के अंतर से जीत दर्ज की थी।

‘आराम हराम है’, कार्यकर्ताओं को दिया संदेश
मोदी ने कहा कि जब इतनी बड़ी उपलब्धियां और जनता का प्यार मिलता है तो कोई भी व्यक्ति आराम करने के बारे में सोच सकता है, लेकिन भाजपा के लिए ऐसा नहीं है। उन्होंने कहा, “आराम हराम है… यह महज एक नारा नहीं है।” प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता लोगों की सेवा में दिन-रात जुटा रहता है और हरसंभव प्रयास करता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button