
स्पेन के टोलेडो प्रांत में बुधवार को दो हाई-स्पीड ट्रेनों के बीच टक्कर में कम से कम 68 लोगों की मौत की खबर है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, हादसे में रेनफे एवीई और निजी कंपनी इर्यो की ट्रेन शामिल थीं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।स्थानीय समयानुसार सुबह 8:54 बजे उर्दा रेलवे स्टेशन के पास हुई भीषण टक्कर के बाद आपातकालीन सेवाओं को मौके पर बुलाया गया। कैस्टिला-ला मांचा की 112 आपातकालीन सेवा के अनुसार, हादसे के बाद अल्काजार डी सैन जुआन और ऑर्गाज से दमकलकर्मियों, आसपास की नगरपालिकाओं से नागरिक सुरक्षा दलों और तीन मेडिकल हेलीकॉप्टरों को घटनास्थल पर भेजा गया। बचावकर्मी जीवित बचे लोगों की तलाश करने और घायलों की मदद करने में जुटे हैं।स्पेन के समाचार माध्यम ‘सुर इन इंग्लिश’ के अनुसार, स्थानीय अधिकारियों ने कम से कम 68 लोगों की मौत की पुष्टि की है। स्पेन के समाचार पत्र ‘एल पाइस’ की रिपोर्ट के मुताबिक, कैस्टिला-ला मांचा की क्षेत्रीय सरकार की प्रवक्ता एस्तेर पडिला ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त दोनों ट्रेनों में कुल 544 यात्री सवार थे। इर्यो ट्रेन में 146 यात्री और एक शिशु सवार था, जबकि रेनफे ट्रेन में 397 यात्री थे।



