केदारनाथ पैदल मार्ग पर चीरबासा हेलीपैड के पास बोल्डर गिरने से एक की मौत, पैदल यात्रा रोकी गयी
उत्तराखंड के केदारनाथ में चीरबासा हेलीपैड के पास रविवार को पहाड़ी से बोल्डर और पत्थर गिरने से उसकी चपेट में आकर एक व्यक्ति की मौत हो गयी जबकि बारिश और भूस्खलन के कारण केदारनाथ पैदल यात्रा रोक दी गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) की रिपोर्ट के अनुसार, चीरबासा हेलीपैड के समीप पहाड़ी से गिरे बोल्डरों की चपेट में एक व्यक्ति आ गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी । मृतक की पहचान उखीमठ के 65 वर्षीय मदन मोहन तिवारी के रूप में हुई है।
इस बीच, पुलिस ने बताया कि मलबा एवं पत्थर आने से केदारनाथ पैदल मार्ग अवरुद्ध हो गया जिसके कारण पैदल यात्रा रोक दी गयी। उसके मुताबिक, लगातार बारिश होने तथा रास्ते पर पत्थर गिरने से उसे साफ करने में दिक्कत आ रही है। पुलिस ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर पैदल यात्रा रोक दी गयी है। उसने कहा कि केदारनाथ जाने वाले यात्रियों को सोनप्रयाग एवं गौरीकुंड तथा वापस आने वाले यात्रियों को जंगलचट्टी में रोक दिया गया है।
पुलिस के अनुसार सभी तीर्थयात्रियों से मार्ग खुलने और प्रशासन से अनुमति मिलने तक पैदल मार्ग पर आगे न बढ़ने का अनुरोध किया गया है। पुलिस ने बताया कि मौसम और मार्ग की स्थिति सामान्य होने के बाद ही यात्रियों की आवाजाही बहाल की जाएगी।

