खबरमध्य प्रदेश

10 लाख दीपों से जगमगाएगा सागर, सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर उप मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश

सभी विभाग जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय कर अभियान की गतिविधियां सफलतापूर्वक संपन्न कराएं : उप मुख्यमंत्री*श्री शुक्ल

उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की सागर में समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के अंतर्गत निर्धारित सभी गतिविधियां व्यापक जनभागीदारी और बेहतर विभागीय समन्वय के साथ समय-सीमा में संपन्न कराई जाएं। उन्होंने कहा कि सभी विभाग जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर अभियान को प्रभावी रूप से संचालित करें तथा अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करें।

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान सेवा, सुशासन और जनकल्याण की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में आमजन, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा सामाजिक संगठनों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने 17 सितम्बर को आयोजित होने वाले ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी लेते हुए ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में व्यापक सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के अंतर्गत जिलेभर में 10 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। उन्होंने निर्धारित समय पर सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसी दिन आयोजित होने वाले रक्तदान शिविरों के लिए स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।

उप मुख्यमंत्री ने ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता, ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’, ‘आंगन मिलन सेवा’ और ‘सेवा की कहानी’ सहित अन्य गतिविधियों की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की सफलता की कहानियों को प्रभावी ढंग से सामने लाया जाए, ताकि योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार हो और अन्य लोगों को भी इनका लाभ लेने के लिए प्रेरणा मिले।

बैठक में ‘सेवा मेरा योगदान’ तथा ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के अंतर्गत प्रस्तावित गतिविधियों पर भी चर्चा की गई। उप मुख्यमंत्री ने मेगा शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने तथा नागरिकों की समस्याओं के निराकरण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियों को सुचारू रूप से संचालित करने और सफलतापूर्वक संपन्न कराने के संबंध में अपने सुझाव दिए। उप मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए विभागीय समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री ने बड़नगर यात्रा के रूट की जानकारी जनप्रतिनिधियों के साथ साझा करने के निर्देश भी दिए, ताकि यात्रा के आयोजन एवं व्यवस्थाओं में आवश्यक समन्वय सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने नशा मुक्त भारत अभियान को जिलेभर में व्यापक स्तर पर संचालित करने तथा जन-जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने के निर्देश दिए।

उन्होंने ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ सहित अभियान के आगामी कार्यक्रमों के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं, सुरक्षा, परिवहन और जनभागीदारी पर भी विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन करते हुए सभी कार्यक्रमों की कार्ययोजना के अनुसार तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने अभियान के अंतर्गत जिले में की जा रही तैयारियों की जानकारी दी। जिला पंचायत सीईओ श्री जगदीश कुमार गोमे ने अभियान की विस्तृत कार्ययोजना से अवगत कराया।

इस अवसर पर खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत, खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह, सागर विधायक श्री शैलेन्द्र जैन, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हीरा सिंह राजपूत, श्री श्याम तिवारी, श्रीमती रानी कुशवाहा, श्री शैलेष केशरवानी , नगर निगम आयुक्त श्री राजकुमार खत्री, अपर कलेक्टर श्री अविनाश रावत, सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button