खबरमध्य प्रदेश

घटना अत्यंत दुःखद – मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आगर-मालवा जिले के नलखेड़ा में हुए सड़क हादसे पर गहन दुख व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ‘एक्स’ पर ओडिशा से मध्यप्रदेश में धार्मिक यात्रा पर आए यात्रियों की सड़क हादसे में निधन पर गहन शोक व्यक्त करते हुए उनके परिजन के प्रति आत्मीय संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राज्यशासन की ओर से सभी मृतकों के परिजन को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता एवं हर संभव सहयोग प्रदान करने के जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बाबा महाकाल से दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिजन को यह गहन दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।

उल्लेखनीय है कि शनिवार, 19 सितम्बर को सुबह करीब 9:30 बजे नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी मंदिर के पास नाले में एक कार डूबी होने की सूचना प्राप्त होने पर जिला एवं पुलिस प्रशासन आगर-मालवा द्वारा तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर वाहन को बाहर निकाला गया। मारुति एस-प्रेसो वाहन क्रमांक MP13 AF 7135 में 3 पुरुष, 2 महिला एवं 3 बच्चे सहित कुल 8 व्यक्ति सवार थे, जो सभी मृत अवस्था में पाये गये। सभी शवों को पोस्टमार्टम हेतु स्थानीय सिविल अस्पताल भेजा गया। सूचना मिलते ही कलेक्टर एवं एसपी मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 19 सितम्बर की दरम्यानी रात्रि में हुई अतिवृष्टि के कारण मंदिर के पास बरसाती नाले में तेज बहाव आने से वाहन के बह जाने से यह दुखद घटना हुई। सात मृतक उड़ीसा के खोरदा जिले के निवासी हैं एवं एक मृतक वाहन चालक तहसील बड़ौद जिला आगर-मालवा का निवासी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button