मेंहदी से सजे हाथ और पारंपरिक साज श्रृंगार के साथ आसमान में बादलों के बीच सुहागिन महिलाएं बृहस्पतिवार को चांद का दीदार करने के लिए इंतजार करती दिखीं। मौसम ने करवाचौथ के त्योहार पर थोड़ा सा माहौल तो बदला लेकिन सुहागिन महिलाओं ने इसका भी हल निकाल लिया और सराय माली खां में तो नीतू रस्तोगी और रूपाली रस्तोगी ने थाली में चांद बनाकर उसकी पूजा के साथ व्रत खोला। मरीन ड्राइव पर महिलाओं ने चलनी से चांद का दीदार कर पति की लंबी आयु की कामना की और कई महिलाओं ने बरसती बूंदों के बीच करवाचौथ की पूजा की।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने पत्नी नम्रता पाठक के साथ करवाचौथ का त्योहार मनाया और पूजा के बाद पानी पिलाकर पत्नी का व्रत तुड़वाया। मोतीनगर के श्री आनंदपुर सत्संग आश्रम में महिलाओं ने करवाचौथ की पूजा की। इंदिरानगर ए ब्लॉक में महिलाओं ने बड़े ही धूमधाम से अपने पतियों के साथ करवाचौथ का त्योहार मनाया। गोमतीनगर विपुलखंड में गौरी गुप्ता, माया यादव, मनु चौहान, सुनयना चौधरी, आरती व अन्य महिलाओं ने पूजा कर पति की लंबी आयु की कामना की तो पंकज और कोपल मेहरोत्रा ने भी करवाचौथ का त्योहार मनाया।
डिप्टी सीएम ने पत्नी संग की पूजा
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने पत्नी नम्रता पाठक के साथ करवा चौथ का पर्व मनाया। उन्होंने पत्नी को पानी पिला कर व्रत तुड़वाया। डिप्टी सीएम की पत्नी नम्रता पाठक ने कहा, “हम बस इतना कहना चाहते हैं कि सबसे पहले, आप सभी को करवा चौथ की बहुत-बहुत शुभकामनाएं, जो बहनें अपने पतियों की लंबी उम्र के लिए प्रार्थना करती हैं, उनके लिए यह व्रत हमें यह सिखाता है कि हम प्रार्थना करें कि आपका परिवार, आपके बच्चे और आपके पति, सभी दीर्घायु हों। हम भगवान गौरी-शंकर से यही प्रार्थना करते हैं और चंद्र देव को नमन करते हैं।”