खबरमध्य प्रदेश

लोकतंत्र बनाम अराजकता’ छात्र प्रतियोगिता एवं युवा संवाद संपन्न

“जागरूक युवा, मजबूत लोकतंत्र; संविधान का सम्मान, राष्ट्र का उत्थान” — आलोक शर्मा

आज संसदीय क्षेत्र की उत्तर विधानसभा अंतर्गत ईदगाह हिल्स स्थित सिंधी कम्युनिटी हॉल में भारतीय जनता पार्टी द्वारा संचालित “लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ” अभियान के अंतर्गत “लोकतंत्र बनाम अराजकता” विषय पर भव्य छात्र प्रतियोगिता एवं युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में भोपाल सांसद आलोक शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला टोली संयोजक राकेश कुकरेजा ने की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि जागरूक युवा ही सशक्त लोकतंत्र की नींव हैं। लोकतंत्र की मजबूती जागरूक नागरिकों, सकारात्मक संवाद और संवैधानिक मर्यादाओं के सम्मान में निहित है।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) लोकतांत्रिक प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसका उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध एवं पारदर्शी बनाना और प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सुनिश्चित करना है। यह प्रक्रिया पहली बार नहीं हो रही है, बल्कि वर्ष 2002-2004 में भी इस प्रकार की प्रक्रिया अपनाई गई थी।

उन्होंने आगे कहा कि आज भारत ने आर्थिक क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है। यह विकसित भारत 2047 के संकल्प की ओर बढ़ता हुआ भारत है, जिसे युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही साकार किया जा सकता है।

जिला टोली संयोजक राकेश कुकरेजा ने अपने उद्बोधन में कहा कि वर्तमान में SIR को लेकर विपक्ष द्वारा भ्रम फैलाया जा रहा है, जबकि इसका वास्तविक उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध एवं पारदर्शी बनाना है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में 2.56 करोड़ नए युवा मतदाताओं का जुड़ना इस बात का प्रमाण है कि युवा अब केवल भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान के सक्रिय भागीदार हैं।

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि सोशल मीडिया के युग में किसी भी खबर को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करें, अफवाहों से बचें और संविधान के मूल्यों की रक्षा का संकल्प लें। लोकतंत्र में विचारों का मतभेद स्वाभाविक है, लेकिन अराजकता और हिंसा का कोई स्थान नहीं होना चाहिए।

छात्र प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

कार्यक्रम के अंतर्गत निबंध प्रतियोगिता, क्विज प्रतियोगिता एवं कंटेंट क्रिएटर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपने ज्ञान, रचनात्मकता एवं वैचारिक क्षमता का परिचय दिया।

प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में लोकतंत्र के प्रति आस्था, संविधान के प्रति सम्मान और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को लेकर जागरूकता बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति

इस अवसर पर महापौर परिषद सदस्य मनोज राठौर, भाजपा नेता अभिजीत देशमुख, टोली सह संयोजक हरिओम आसेरी, मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रियंका मिश्रा, पूर्व पार्षद महेश मकवाना, भाजपा नेता विकास सोनी, पार्षद विनीता सोनी, मंडल अध्यक्ष यतेन मकवाना, वरुण गुप्ता, महामंत्री अनिल थारवानी, जिला कार्यसमिति सदस्य राजा शर्मा, भगवानदास धलिया सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button