पचमढ़ी में फुटबाल खेल रहे आर्मी जवान पर बायसन का हमला,अस्पताल पहुंचने से पहले मौत, उत्तराखंड के थे निवासी

पचमढ़ी में सेना के प्रशिक्षण केंद्र के खेल मैदान पर गुरुवार शाम फुटबॉल खेल रहे जवानों के बीच अचानक जंगली बायसन पहुंच गया। इससे पहले कि सैनिक कुछ समझ पाते, बायसन ने उन पर हमला कर दिया। हमले में उत्तराखंड के 26 वर्षीय सैनिक आकाश चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्प्ताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, सतपुड़ा टाइगर रिजर्व, नर्मदापुरम के अंतर्गत पचमढ़ी स्थित आर्मी एजुकेशन कोर (AEC) ट्रेनिंग कॉलेज एवं सेंटर के परेड ग्राउंड में 29 अक्टूबर 2026 की शाम की घटना है। जंगली गौर (इंडियन बायसन) के हमले में सेना के 26 वर्षीय जवान आकाश चौधरी की मौत हो गई। वे उत्तराखंड के देहरादून जिले के डोईवाला स्थित दूधली गांव के निवासी थे। घटना की जानकारी मिलते ही सतपुड़ा टाइगर रिजर्व की टीम मौके पर पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम के समय जवान परेड ग्राउंड में फुटबॉल खेल रहे थे। इसी दौरान दो जवान कुछ देर के लिए मैदान के किनारे बनी सीढ़ियों पर बैठ गए। तभी अचानक मैदान के किनारे से एक जंगली गौर दौड़ता हुआ आया और सीढ़ियों पर बैठे जवान आकाश चौधरी पर सींग से हमला कर दिया। साथी जवान घायल आकाश को तुरंत छावनी परिसर में स्थित मिलिट्री अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार इस पूरी घटना की विस्तृत जांच की जा रही हैं। पचमढ़ी में लगातार आबादी की ओर आ रहे बायसन
पचमढ़ी में पिछले कुछ दिनों से बायसन के झुंड के आबादी वाले इलाकों में पहुंचने की घटनाएं सामने आ रही हैं। एक दिन पहले ही शहीद द्वार के पास छोटी पुलिया पर बायसन का झुंड आकर बैठ गया था। इसके कारण कई घंटे तक रास्ते पर आवागमन प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से बायसन के झुंड को सुरक्षित तरीके से जंगल में वापस पहुंचाने की मांग की थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि जंगल के कई हिस्सों में जालियां लगाई गई हैं, इसके बावजूद जंगली जानवर रास्ता भटककर शहर और रिहायशी इलाकों में पहुंच जाते हैं। कई बार वे वापस जंगल की ओर नहीं लौट पाते। सेना का परिसर भी जंगल से लगा हुआ है। यहां पहले भी बायसन के झुंड के आने की घटनाएं हुई हैं, लेकिन इस तरह के हमले में किसी जवान की मौत की घटना पहली बार सामने आई है।उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि
सैनिक आकाश चौहान की मौत पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने जवान के निधन पर दुख जताते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की
