सरस्वती मंदिर छठ घाट पर वृहद स्वच्छता अभियान सम्पन्न; आवंटन के प्रथम दिन 558 छठ वेदियों का निर्माण

भोपाल। महापर्व छठ पूजा के भव्य एवं सुव्यवस्थित आयोजन की तैयारियों के क्रम में बिहार सांस्कृतिक परिषद द्वारा सरस्वती देवी मंदिर छठ घाट, बरखेड़ा, भोपाल में व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को संस्था के अध्यक्ष श्री सतेन्द्र कुमार के नेतृत्व में परिषद के कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं द्वारा पांचों छठ कुंडों, प्राचीन कुएं तथा संपूर्ण परिसर में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान में नगर निगम एवं नगर प्रशासन का भी सहयोग प्राप्त हुआ।
महापर्व छठ पूजा के सुव्यवस्थित आयोजन के लिए व्रतियों को बैठने, पूजा की वेदी बनाने, डलिया एवं सूप रखने तथा पूजा-अर्चना करने हेतु स्थानों का आवंटन किया गया। आवंटन के प्रथम दिन ही पूरे दिन में 558 से अधिक छठ पूजा वेदियों का निर्माण किया गया।
स्वच्छता अभियान एवं आयोजन की तैयारियों में सूर्य कुमार सिंह, संजीव कुमार, संजय साह, रामनंदन सिंह, एस.के. चौधरी, नरेंद्र सिंह, राकेश सिंह, कमलेश सिंह, राजकुमार प्रसाद, कृष्ण कुमार, अक्षय कुमार, विकास कुमार, अरुण शर्मा सहित परिषद के अनेक कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु सक्रिय रूप से शामिल रहे।
छठ महापर्व का चार दिवसीय कार्यक्रम
महापर्व छठ 13 नवंबर 2026 को नहाय-खाय के साथ प्रारंभ होगा। 14 नवंबर को दूसरे दिन खरना (लोहंडा), 15 नवंबर रविवार को तीसरे दिन सायंकाल अस्ताचलगामी सूर्य भगवान को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा तथा 16 नवंबर सोमवार को प्रातःकाल उदयाचलगामी सूर्य भगवान को अर्घ्य अर्पित कर महापर्व का विधिवत पारण किया जाएगा।
बिहार सांस्कृतिक परिषद द्वारा छठ पूजा के अवसर पर सरस्वती मंदिर छठ घाट के सभी पूजा कुंडों को आकर्षक सजावट, रंग-बिरंगी विद्युत रोशनी एवं छठी मइया की मनमोहक प्रतिमाओं से सुसज्जित किया जाएगा। व्रती महिलाओं की सुविधा एवं निजता को ध्यान में रखते हुए विशेष स्नानागार, प्राचीन कुएं के पवित्र जल से स्नान की व्यवस्था तथा चेंजिंग रूम की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
स्वच्छता, सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष ध्यान
स्वच्छता एवं सुरक्षा के लिए अलग-अलग समितियों का गठन किया गया है। इसके अतिरिक्त चिकित्सा सहायता, पेयजल तथा सुरक्षित प्रवेश एवं निकास की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है, ताकि सभी व्रती एवं श्रद्धालु पूर्ण श्रद्धा, संयम एवं पवित्रता के साथ महापर्व मना सकें। पारण के अवसर पर परिषद के कार्यकर्ताओं द्वारा गाय का कच्चा दूध, गर्म दूध, चाय एवं कॉफी की विशेष व्यवस्था भी की जाएगी।
भक्तिमय सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गूंजेगा छठ घाट
आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण में छठी मइया के जयघोष, लोकगीत, पद्य गायन एवं भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम 15 नवंबर को सायं 4 बजे से रात्रि 8 बजे तक तथा 16 नवंबर को प्रातः 5 बजे से 8 बजे तक आयोजित होंगे।
बिहार एवं पूर्वांचल की समृद्ध लोक संस्कृति को जीवंत करने के उद्देश्य से पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुति भोजपुरी साहित्य अकादमी, मध्यप्रदेश शासन के सहयोग से पटना की लोकप्रिय गायिका श्रीमती रीना कुमारी के म्यूजिकल ग्रुप द्वारा दी जाएगी। इसके साथ ही बिहार सांस्कृतिक परिषद की पहल पर स्थानीय कलाकारों द्वारा महापर्व छठ की कथा, पारंपरिक गीत एवं पूजा-विधान की प्रस्तुति भी दी जाएगी, जिससे नई पीढ़ी में धार्मिक एवं सांस्कृतिक जागरूकता का संचार हो सके।
यह आयोजन केवल धार्मिक आस्था का पर्व ही नहीं, बल्कि सामाजिक समावेशिता, सांस्कृतिक सौहार्द एवं आपसी सद्भावना का भी प्रतीक है। परिषद द्वारा समस्त श्रद्धालुओं, व्रतियों एवं नागरिकों से इस पावन आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की विनम्र अपील की गई है।
प्रकृति, पर्यावरण एवं स्वच्छता का संदेश देता है छठ महापर्व
आयोजन समिति के अध्यक्ष श्री सतेन्द्र कुमार ने बताया कि छठ महापर्व बिहार की सांस्कृतिक आत्मा एवं भारतीय लोक परंपरा की सर्वश्रेष्ठ अभिव्यक्ति है। यह पर्व आज सभी वर्गों एवं समुदायों को आपस में जोड़ने वाला लोक आस्था का महापर्व बन चुका है। छठ महापर्व प्रकृति प्रदत्त संसाधनों एवं वस्तुओं पर आधारित होने के कारण प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता का भी महत्वपूर्ण संदेश देता है।
अंत में बिहार सांस्कृतिक परिषद ने सभी श्रद्धालुओं से स्वच्छता, पवित्रता एवं अनुशासन बनाए रखते हुए जनसहभागिता और सांस्कृतिक एकता के इस महापर्व को सफल बनाने की अपील की है।

