सेना बुलाने में किसने की देरी?’: सोनिया गांधी की किताब पर भाजपा का पलटवार, पूछा- हजारों सिखों की जान क्यों गई
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की नई किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। किताब में 1984 के सिख विरोधी दंगों के दौरान सेना बुलाने और उसकी तैनाती में हुई देरी का जिक्र किया गया है। इस पर भारतीय जनता पार्टी ने सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि सोनिया गांधी ने तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी और अपने परिवार को इस मामले में जिम्मेदारी से बचाने की कोशिश की है। भाजपा ने अपने आरोपों के समर्थन में मिश्रा आयोग और नानावती आयोग की रिपोर्टों का हवाला दिया है।
भाजपा के मुताबिक, अगर 1 नवंबर की सुबह उपलब्ध 6,100 सैनिकों में से करीब 5,000 को दिल्ली की सड़कों पर मार्च कराया जाता, तो कम से कम 2,000 सिखों की जान बचाई जा सकती थी। पार्टी का कहना है कि मिश्रा आयोग और नानावती आयोग की रिपोर्टों में भी सेना की तैनाती में देरी और प्रशासनिक व्यवस्था की भूमिका पर सवाल उठाए गए थे।
जनरल वैद्य के बयान का भी किया जिक्र
भाजपा ने तत्कालीन सेना प्रमुख जनरल वैद्य के बयान का हवाला देते हुए कहा कि उन्होंने कहीं यह नहीं कहा था कि राजीव गांधी या तत्कालीन प्रधानमंत्री ने उन्हें सेना बुलाने के लिए कहा था। पार्टी ने मिश्रा आयोग की टिप्पणी का जिक्र करते हुए कहा कि सेना प्रमुख की जिम्मेदारी सेना को तैयार रखना और उसकी व्यवस्था करना थी, जबकि सेना को हिंसा प्रभावित इलाकों में तैनात करने की जिम्मेदारी प्रशासनिक अधिकारियों की थी।

