UMA केरला फेस्ट के चौथे दिन के सांस्कृतिक आयोजन में दिखी भारत की विविध लोक एवं शास्त्रीय कलाओं की मनमोहक झलक
भोपाल, 14 नवंबर। UMA द्वारा आयोजित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम में शनिवार को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विभिन्न राज्यों की लोक एवं शास्त्रीय कलाओं का अनूठा संगम देखने को मिला। मध्य प्रदेश और केरल की पारंपरिक नृत्य शैलियों, रंगारंग प्रस्तुतियों और संगीत ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आरंभ मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध भगोरिया जनजातीय लोकनृत्य से हुआ। इस नृत्य के माध्यम से जनजातीय समाज की परंपराओं, उत्सवधर्मिता और जीवनशैली की झलक प्रस्तुत की गई। केरल की टीम ने जेनु कुरुबा लोकनृत्य के माध्यम से अपनी पारंपरिक संस्कृति को दर्शाया। इसके बाद महिलाओं द्वारा गोलाकार समूह में प्रस्तुत किए जाने वाले केरल के लोकप्रिय कैकोट्टिकली नृत्य ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। कथक और भरतनाट्यम की जुगलबंदी ने दोनों शास्त्रीय नृत्य शैलियों की भावपूर्ण अभिव्यक्ति, लय और ताल का सुंदर मेल प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में दिव्या कृष्णा की एकल प्रस्तुति चामुंडी विशेष आकर्षण रही। अद्विका और श्रीकला की नृत्य प्रस्तुति के साथ एम्स भोपाल की टीम ने भी अपनी प्रस्तुति से कार्यक्रम में उत्साह का रंग भरा। केरल के प्रसिद्ध मयूर नृतम में मोर की सुंदर चाल और भाव-भंगिमाओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। वहीं, केरल की पारंपरिक अनुष्ठानिक कला पडयणी अपने रंगीन मुखौटों और लयबद्ध गतिविधियों के लिए आकर्षण का केंद्र रही। उत्तर केरल की प्रसिद्ध कला थेय्यम की भव्य वेशभूषा, आकर्षक श्रृंगार और प्रभावशाली प्रस्तुति ने दर्शकों को विशेष रूप से प्रभावित किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ अनुबूथी ऑर्केस्ट्रा और आयोजन दल की संगीत प्रस्तुति ने कार्यक्रम को संगीतमय समापन की ओर अग्रसर किया।
इस अवसर पर ओडी जोसेफ ने कहा कि UMA का उद्देश्य विभिन्न समुदायों को कला और संस्कृति के माध्यम से जोड़ना तथा भारत की समृद्ध परंपराओं को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन पारंपरिक कलाओं को पहचान दिलाने, कलाकारों को मंच प्रदान करने और नई पीढ़ी को देश की सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि भारत की सांस्कृतिक विविधता ही उसकी सबसे बड़ी पहचान है। विभिन्न राज्यों की कला, संगीत और परंपराओं को एक मंच पर लाकर UMA ने सांस्कृतिक एकता और आपसी सद्भाव की भावना को सुंदर अभिव्यक्ति दी।
मीडिया संपर्क – 9111449098



