
केरलम के उत्तरी मलप्पुरम जिले में तीन इलाकों में ‘शिगेला’ संक्रमण की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और बचाव के उपाय तेज कर दिए हैं। साथ ही, लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। एक बयान में इसकी जानकारी दी गयी है।
जिला चिकित्सा अधिकारी (डीएमओ) डॉ. वी विनोद ने एक बयान में बताया कि जिले में इस साल शिगेला संक्रमण के अब तक 75 मामले सामने आए हैं जिनमें संक्रमितों के संपर्क में आने से संक्रमित हुए आठ लोग भी शामिल हैं। हाल में अरीकोड, पुलपट्टा और एडवन्ना से संक्रमण के मामले सामने आने के बाद जिला स्तरीय त्वरित कार्य बल (आरआरटी) ने स्थिति का जायजा लेने और संक्रमण को रोकने के उपायों को मजबूत करने के लिए एक आपातकालीन बैठक बुलाई। शिगेला एक जीवाणु संक्रमण है, जिससे दस्त संबंधी बीमारियां होती हैं। यह मुख्य रूप से बच्चों को प्रभावित करता है। इसका प्रसार दूषित पानी और बासी या अधपका भोजन के सेवन से होता है।
डीएमओ ने बताया कि संक्रमित व्यक्ति के मल के सीधे या अप्रत्यक्ष संपर्क में आने से भी यह संक्रमण फैल सकता है। संक्रमण के एक-दो दिन के भीतर ही लक्षण दिखने लगते हैं। इनमें दस्त, मल में खून और मवाद आना, पेट में तेज दर्द, बुखार, उल्टी और शरीर में पानी की कमी शामिल हैं। डीएमओ ने बताया कि जिन संक्रमित बच्चों में लक्षण नहीं दिखते, वे भी अपने मल के जरिए जीवाणु फैला सकते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि इलाज में देरी करने से गंभीर जटिलताएं हो सकती हैं जो मस्तिष्क और गुर्दों को प्रभावित कर सकती हैं और गंभीर मामलों में मरीज की मौत भी हो सकती है।
संक्रमण पर काबू पाने के लिए स्वास्थ्य विभाग, स्थानीय स्वशासन विभाग और खाद्य सुरक्षा विभाग संयुक्त रूप से खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और वितरण केंद्रों का निरीक्षण करेंगे। सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बयान के अनुसार, एहतियाती कदम के तौर पर प्रभावित इलाकों में सामूहिक भोज के आयोजन पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है।
विभाग ने लोगों को पीने और खाना पकाने के लिए केवल उबालकर ठंडा किए गए पानी का ही इस्तेमाल करने और हमेशा ताजा बना हुआ एवं अच्छी तरह पका हुआ खाना खाने की सलाह दी है। जहां तक संभव हो बासी, खुले में रखे गए और बाहर के खाने से परहेज करने की सलाह दी गई है।
लोगों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि पीने के पानी के स्रोतों में नियमित रूप से क्लोरीन डाला जाए। फलों और सब्जियों को अच्छी तरह धोएं और खाने को ढक कर रखें, ताकि मक्खियों और अन्य कीड़ों से वह दूषित न हो। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए, खाना खाने से पहले, खाना बनाने से पहले और शौचालय का इस्तेमाल करने के बाद साबुन से हाथ धोना बहुत जरूरी है।
दस्त होने पर शरीर में पानी की कमी रोकने के लिए मरीज को तुरंत ओआरएस का घोल, नमक मिला चावल का माड़ या नारियल पानी देना चाहिए। विभाग ने लोगों से यह भी अपील की है कि वे अपनी और अपने आस-पास की साफ-सफाई का ध्यान रखें। अगर कोई लक्षण दिखाई दें तो खुद से इलाज करने के बजाय तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें




