पंजाब में एक साथ चमकी 3 लोगों की किस्मत, बन गए लखपति
जलालाबाद शहर में 2 महिलाओं समेत 3 लोगों की किस्मत अचानक चमक गई। तीनों ने लॉटरी में 5-5 लाख रुपये का इनाम जीता है। इनाम जीतने की जानकारी मिलते ही विजेता अपने परिवार वालों के साथ लॉटरी वाले की दुकान पर पहुंच गए। यहां ढोल-नगाड़ों की थाप पर खूब भांगड़ा हुआ और खुशी में बाजार में लड्डू बांटे गए। इस दौरान दुकान के बाहर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। गांव सिमरेवाला की रहने वाली परवीन रानी ने बताया कि उसके पिता ने पहले भी कई बार लॉटरी के टिकट खरीदे थे लेकिन कभी कोई इनाम नहीं जीता था
इस वजह से उसके पिता उसे टिकट खरीदने से मना करते थे। इसके बावजूद उसने जलालाबाद में मौजूद एक लॉटरी एजेंसी से पहली बार टिकट खरीदा और पहली ही बार में 5 लाख रुपये का इनाम जीत लिया। फरीदकोट के रहने वाले हरिवंश ने बताया कि वह किसी काम से जलालाबाद आए थे। लौटते समय उन्होंने उसी एजेंसी से एक टिकट भी खरीदा, जिस पर उन्हें 5 लाख रुपये का इनाम मिला। वहीं, अरनीवाला की रहने वाली जसवीर कौर ने बताया कि वह जलालाबाद में अपने रिश्तेदारों के पास आई थीं। इस दौरान उन्होंने 12 करोड़ के दिवाली बंपर का टिकट खरीदा, जिस पर उन्हें 5 लाख रुपये का इनाम मिला।
लॉटरी एजेंसी के संचालक ने बताया कि जसवीर कौर को दिवाली बंपर पर सीधे 5 लाख रुपये का इनाम मिला। वहीं, परवीन रानी और हरिवंश ने नागालैंड स्टेट लॉटरी के 100 टिकटों की कॉपी आधी-आधी (50-50 टिकट) में खरीदी थी। इस सीरीज पर 10-10 हजार रुपये के कुल 100 इनाम जीते गए, जिससे कुल रकम 10 लाख रुपये बनती है। इस तरह दोनों को 5-5 लाख रुपये मिले।



