INDEM–2026 का हुआ भव्य उद्घाटन

भोपाल, 17 नवंबर 2026। क्षेत्रीय शिक्षा संस्थान (RIE), भोपाल परिसर स्थित पीएम श्री डेमोंस्ट्रेशन मल्टीपरपज स्कूल में चार दिवसीय अंतर- डेमोंस्ट्रेशन मल्टीपरपज स्कूल मीट (INDEM–2026) का उद्घाटन समारोह संस्थान के खेल परिसर में उत्साह एवं उल्लास के साथ संपन्न हुआ।
इस आयोजन में अजमेर, भोपाल, भुवनेश्वर एवं मैसूर के चार पीएम श्री डेमोंस्ट्रेशन मल्टीपरपज स्कूल के विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभाओं को निखारने एवं उन्हें प्रदर्शित करने के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों की सांस्कृतिक एवं सामाजिक विविधताओं से परिचित कराना तथा राष्ट्रीय एकता, भावनात्मक जुड़ाव, सहयोग एवं भाईचारे की भावना को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश विधानसभा के माननीय स्पीकर श्री नरेंद्र सिंह तोमर थे। उन्होंने अपने संबोधन में शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के महत्व पर प्रकाश डाला तथा इस दिशा में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया।
इस अवसर पर चारों विद्यालयों की टीमों द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया गया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री प्रकाश श्रीवास्तव ने अपने स्वागत अभिभाषण में विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देते हुए INDEM–2026 के उद्देश्यों एवं महत्व पर प्रकाश डाला।
उद्घाटन समारोह में प्री-प्राइमरी, प्राइमरी एवं सेकेंडरी कक्षाओं के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। चारों विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से प्रेरणादायक गीत ‘हम होंगे कामयाब’ प्रस्तुत किया। सेकेंडरी कक्षा के विद्यार्थियों ने, “अहो भाग्य हैं हमारे जगे, चरण कमल पड़े आपके” गाने पर मनोहर स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया एवं शिव स्तुति के माध्यम से योग के विभिन्न आसनों का प्रदर्शन किया। प्री-प्राइमरी के विद्यार्थियों ने ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ विषय पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि प्राइमरी के विद्यार्थियों ने ‘अनुशासन से अभिव्यक्ति तक’ विषय पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुति दी।
चार दिवसीय यह आयोजन विद्यार्थियों को साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं खेलकूद के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, एक-दूसरे की संस्कृति को समझने तथा राष्ट्रीय एकता एवं ‘विविधता में एकता’ की भावना को सुदृढ़ करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।



