मध्यप्रदेश में पहली बार हुई हॉक जॉइंट फ्यूजन सर्जरी

वन विहार राष्ट्रीय उद्यान, भोपाल में एक घायल नर बाघ का जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया। मध्यप्रदेश में पहली बार वन्यजीव के उपचार के दौरान हॉक जॉइंट (Orthodesis of the Hock Jant) की शल्यक्रिया की गई। 3 नवंबर 2026 को सागर वनमंडल के परिक्षेत्र ढाना की बीट रानगिर के कक्ष क्रमांक 780 में एक लगभग 4 वर्षीय नर बाघ गंभीर रूप से घायल अवस्था में पाया गया। घायल बाघ को रेस्क्यू कर उपचार के लिये वन विहार राष्ट्रीय उद्यान, भोपाल लाया गया, जहां उसे निगरानी में रखकर उपचार प्रारंभ किया गया। 7 नवंबर 2026 को बाघ का विस्तृत चिकित्सकीय परीक्षण एवं एक्स-रे किया गया। जांच में उसके पिछले बाएं पैर में फ्रैक्चर पाया गया। उपचार के लगभग सात दिन बाद पैर की टूटी हुई हड्डी मांसपेशियों एवं त्वचा को भेदकर बाहर आ गई। चिकित्सकीय जांच में इसे Open Fracture Dislocation of Distal Extremity of Tibila-Fibula (Hack Joint of left Hindlimb) के रूप में चिन्हित किया गया।
बाघ की गंभीर स्थिति को देखते हुए 18 नवंबर 2026 को गठित विशेषज्ञ चिकित्सकों के दल द्वारा वन विहार राष्ट्रीय उद्यान, भोपाल में जटिल शल्यक्रिया की गई। मध्यप्रदेश में वन्यजीव के उपचार में अपनी तरह की पहली इस शल्यक्रिया के दौरान बाघ के बाएं पिछले पैर के हॉक जॉइंट का फ्यूजन (Orthodesis of the Hock Joint/Joint Fusion) किया गया। यह शल्यक्रिया प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक, मध्यप्रदेश डॉ. समीता राजोरा तथा वन विहार राष्ट्रीय उद्यान के संचालक श्री विजय कुमार की उपस्थिति में संपन्न हुई।
शल्यक्रिया करने वाले विशेषज्ञ चिकित्सकों के दल में वरिष्ठ वन्यप्राणी चिकित्सक वन विहार राष्ट्रीय उद्यान डॉ. अतुल गुप्ता, वरिष्ठ वेटरनरी सर्जन राज्य पशु चिकित्सालय भोपाल डॉ. सुनील कुमार तुमड़िया, सह-प्राध्यापक सेंटर फॉर वाइल्ड लाइफ फॉरेंसिक एंड हेल्थ जबलपुर डॉ. काजल जाधव, प्राध्यापक पशु चिकित्सा शल्य चिकित्सा विभाग पशु चिकित्सा एवं पशुपालन महाविद्यालय जबलपुर डॉ. रणधीर सिंह चौहान एवं डॉ. शोभा जावरे शामिल रहे।
वर्तमान में घायल नर बाघ की स्थिति संतोषजनक है। उसने पुनः नियमित रूप से भोजन करना प्रारंभ कर दिया है। बाघ के स्वास्थ्य एवं गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में उसका उपचार जारी है।




