अढ़ाई वर्षीय मासूम की ह+त्या: सांसें थमने तक छाती पर पैर रखती रही पड़ोसन, अब खुला राज..

बल्लोपुर में अढ़ाई वर्षीय मासूम गुरसांझ की हत्या मामले में पुलिस ने पड़ोस में किराए पर रहने वाली 22 वर्षीय प्रवासी महिला सोनिका पत्नी रेशम को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी महिला बच्चे को अगवा कर अपने घर ले गई थी, जहां उसके मुंह पर कपड़ा रखकर दम घोंट दिया और छाती व शरीर पर पैरों से दबाव बनाकर उसकी जान ले ली। पुलिस ने पांच दिन बाद हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है।
एस.पी. देहाती जसपिंदर सिंह के मुताबिक सोनिका का करीब सात महीने पहले उत्तर प्रदेश के रहने वाले रेशम से विवाह हुआ था। दो महीने पहले उसका गर्भपात हो गया था। इसके बाद से वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी। पुलिस का दावा है कि इसी के चलते बच्चे को लेकर उसके मन में नफरत की भावना पैदा हो गई और उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार 14 नवम्बर की दोपहर गली में खेल रहे गुरसांझ को सोनिका अपने घर ले गई। वहां उसने बच्चे के मुंह पर कपड़ा रखकर उसका दम घोंट दिया। जब तक बच्चे की सांसें नहीं थम गईं, वह उसकी छाती और शरीर को पैरों से दबाती रही। रात के समय मकान की पहली मंजिल पर चढ़कर शव को साथ लगते राजबीर के मकान की टीन की छत पर रख दिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म कबूल किया है। शुक्रवार को उसे डेराबस्सी अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा।
5वें दिन बाद हुआ पोस्टमार्टम
उधर, डेराबस्सी सिविल अस्पताल की मॉर्चरी में रखे मासूम के शव का पांचवें दिन पोस्टमार्टम हो सका। परिजन आरोपी की गिरफ्तारी होने तक पोस्टमार्टम करवाने को तैयार नहीं थे। वीरवार को सोनिका की गिरफ्तारी के बाद तीन डॉक्टरों का मैडीकल बोर्ड गठित कर पोस्टमार्टम करवाया गया। इस दौरान बच्चे के शरीर के विभिन्न अंगों के नमूने लेने के अलावा स्वैब सैंपल भी लिया गया। हालांकि शुरूआती रिपोर्ट में ऐसे कोई संकेत नहीं मिले हैं। वीरवार शाम को बेहद गमगीन माहोल में मासूम का अंतिम संस्कार कर दिया गया।




