एजुकेशनखबरमध्य प्रदेश

आरएनटीयू में विश्वरंग प्रवासी उत्सव 2026 का रंगारंग आगाज, 20 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों ने की सहभागिता, डॉ. संतोष चौबे ने कहा- अब वैश्विक आंदोलन बन गया है विश्वरंग

आरएनटीयू में विश्वरंग प्रवासी उत्सव 2026 का हुआ शुभारंभ, भारतीय भाषाओं, साहित्य, कला और संस्कृति के वैश्विक विस्तार पर हुआ विमर्श, 20 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों ने की शिरकत

भोपाल, 27 नवंबर 2026। रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय (आरएनटीयू), भोपाल में विश्वरंग प्रवासी उत्सव 2026 के आठवें संस्करण का रंगारंग आगाज हुआ। 27 से 29 नवंबर तक आयोजित इस उत्सव में 20 से अधिक देशों के साहित्यकार, शिक्षाविद, भाषाविद, प्रवासी रचनाकार और सांस्कृतिक प्रतिनिधि सहभागिता कर रहे हैं। इस उत्सव के पहले दिन कई सत्र आयोजित किए गए। जिसमें भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन और प्रवासी भारतीय विषय से लेकर हिंदी मीडिया की बदलती भूमिका पर चर्चा की गई। कार्यक्रम की शुरुआत शोभा यात्रा और ध्रुपद संस्थान के वृंद गायन के साथ हुई। इस दौरान रचनाकारों को विश्वरंग भाषा अलंकरण और विश्वरंग अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड से सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम में विश्वरंग के निदेशक एवं आरएनटीयू के कुलाधिपति वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. संतोष चौबे, प्रति-कुलाधिपति डॉ. अदिति चतुर्वेदी वत्स, प्रवासी भारतीय शोध केंद्र के सलाहकार डॉ. जवाहर कर्णावत, हिंदुस्तानी प्रचार सभा मुंबई के ट्रस्टी अरविंद डेगवेकर, एमिटी विश्वविद्यालय के प्रोफेसर उदय नारायण सिंह, पद्मश्री उमाकांत गुन्देचा और भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर), विदेश मंत्रालय के उप महानिदेशक डॉ. राजेश रंजन, विजयदत्त श्रीधर, राजमणि श्रीवास्तव, अमिता दुबे, आरएनटीयू के कुलगुरु प्रो. रवि प्रकाश दुबे, रजिस्ट्रार डॉ. संगीता जौहरी समेत कई बड़ी हस्तियां मौजूद रहीं। वहीं अपनी प्रभावशाली वाक्शैली से मंच का संचालन टैगोर प्रदर्शनकारी एवं दृष्य कला केंद्र के समन्वयक विनय उपाध्याय ने किया।

विश्वरंग ने वैश्विक समुदाय तैयार किया: डॉ. संतोष चौबे

उद्घाटन सत्र में भारतीय भाषाओं, साहित्य, कला, संस्कृति और प्रवासी समुदायों के वैश्विक जुड़ाव पर विमर्श हुआ। डॉ. संतोष चौबे ने गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि विश्वरंग ने भारतीय भाषाओं और संस्कृति के पक्ष में एक वैश्विक समुदाय तैयार किया है, जिसमें 10 लाख से अधिक लोग शामिल हैं। विश्वरंग हिंदी के साथ उर्दू, संस्कृत, अन्य भारतीय भाषाओं और बोलियों के विकास के लिए भी कार्य कर रहा है। विश्वरंग में 21 देशों की रचनाओं को स्थान दिया गया है। उन्होंने कहा कि विश्वरंग अब वैश्विक आंदोलन बन गया है।

डॉ. अदिति चतुर्वेदी वत्स ने कहा कि विश्वरंग का उद्देश्य भारतीय कला, साहित्य और हिंदी भाषा का प्रसार करना है। 15 देशों से शुरू हुई विश्वरंग की यात्रा आज 70 से अधिक देशों तक पहुंच चुकी है। डिजिटल माध्यमों सहित इसकी पहुंच पांच करोड़ से अधिक लोगों तक बनी है। उन्होंने नई पीढ़ी को भारतीय भाषाओं से जोड़ने, अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं एवं विश्वविद्यालयों के साथ सहभागिता बढ़ाने और नई परियोजनाओं के विस्तार पर जोर दिया।

पद्मश्री उमाकांत गुन्देचा ने कहा कि विश्वरंग में शामिल होकर उन्हें गौरव का अनुभव हो रहा है। उन्होंने डॉ. संतोष चौबे के विभिन्न क्षेत्रों में किए गए उल्लेखनीय कार्यों और योगदान की सराहना की।

डॉ. जवाहर कर्णावत ने कहा कि विश्वरंग ने प्रवासी रचनाकारों को एक स्थायी मंच प्रदान किया है। इसके माध्यम से 100 से अधिक रचनाएं प्रकाशित हुई हैं। केन्या और दक्षिण कोरिया के बाद अब इटली में भी विश्वरंग का आयोजन होने जा रहा है। अरविंद दिग्वेकर ने कहा कि विश्वरंग साहित्य, भाषा, कला और संगीत से जुड़ा वैश्विक मंच है। साहित्य केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने और मानवीय मूल्यों को जीवित रखने का माध्यम है।

प्रो. उदय नारायण सिंह ने कहा कि गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर ने संस्कृति और प्रकृति को एक-दूसरे में समाहित माना। विश्वरंग उनके विचारों और सृजन की परंपरा को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहा है। डॉ. राजेश रंजन ने कहा कि हिंदी का भविष्य सही हाथों में है।

गिरमिटिया भारतीयों ने संस्कारों को संरक्षित रखा: श्रीधर

इसके अलावा भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन और प्रवासी भारतीय विषय पर आयोजित सत्र में वरिष्ठ पत्रकार विजयदत्त श्रीधर विजयदत्त श्रीधर ने कहा कि गिरमिटिया भारतीयों ने विभिन्न देशों के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने के साथ भारतीय संस्कारों और संस्कृति को संरक्षित रखा है। राजमणि श्रीवास्तव ने प्रवासी भारतीयों और स्वाधीनता आंदोलन पर प्रस्तुति देते हुए अभिलेखागार के भ्रमण तथा प्रवासी भारतीयों द्वारा प्रकाशित पत्रिकाओं के महत्व पर प्रकाश डाला।

राकेश पांडेय ने भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में प्रवासी भारतीयों के योगदान और गुमनाम स्वतंत्रता सेनानियों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। अमिता दुबे ने पत्रिकाओं और कविताओं के माध्यम से स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान देने वाली महिलाओं की भूमिका को रेखांकित किया। तो वहीं चिंतामणि मास्टर ने भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में प्रवासी महिलाओं और अन्य प्रवासी भारतीयों के योगदान पर प्रकाश डाला।

प्रवासी भारतीयों की नई पीढ़ी, भाषा, पहचान पर भी हुई चर्चा

प्रवासी भारतीयों की नई पीढ़ी, भाषा, पहचान और सांस्कृतिक संक्रमण पर भी चर्चा हुई। तितीक्षा शाह (यूनाइटेड किंगडम) ने भारतीय भाषाओं को सरलता, तकनीक और उपयोगिता से जोड़कर वैश्विक स्तर पर प्रतिष्ठित करने पर जोर दिया। दीप्ति अग्रवाल (मॉरीशस) ने भारतीय भाषाओं, पारंपरिक संस्कारों और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में प्रवासी युवा पीढ़ी की भूमिका को रेखांकित किया।

सुरिति रघुनंदन (मॉरीशस) ने बहुभाषिक परिवेश में हिंदी के संरक्षण की चुनौतियों और प्रवासी युवाओं की सांस्कृतिक चेतना पर प्रकाश डाला। सुनीता शर्मा (न्यूजीलैंड) ने प्रवासी नई पीढ़ी में भाषाई चेतना और सांस्कृतिक पहचान बनाए रखने के लिए परिवार एवं समाज की संयुक्त जिम्मेदारी पर बल दिया। अनिल जोशी ने अध्यक्षीय उद्बोधन में भारतीय भाषाओं और सभ्यता को वैश्विक स्तर पर प्रतिष्ठित करने के लिए सांस्कृतिक पहचान एवं सभ्यतागत मूल्यों का सशक्त मॉडल विकसित करने पर जोर दिया।

हिंदी मीडिया की बदलती भूमिका: सूचना से उत्पाद तक’ विषय पर चर्चा

हिंदी मीडिया की बदलती भूमिका: सूचना से उत्पाद तक’ विषय पर आयोजित सत्र में वीणा सिन्हा (नेपाल) ने राष्ट्र निर्माण में मीडिया की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए समाचारों के प्रस्तुतीकरण में नैतिकता और विश्वसनीयता बनाए रखने पर जोर दिया। अजीत पाठक ने हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्षों के ऐतिहासिक सफर का उल्लेख करते हुए फेक न्यूज की चुनौती, तथ्य सत्यापन और संपादकीय सतर्कता की आवश्यकता पर बल दिया।

वर्तिका नंदा ने डिजिटल माध्यमों और एल्गोरिदम के चलते समाचारों के वितरण में आए बदलावों तथा मीडिया पर बाजार और दर्शकों की रुचि के प्रभाव को रेखांकित किया। विजय मिश्र ने मीडिया में सूचना, विज्ञापन और तकनीक के आपसी संबंधों पर प्रकाश डालते हुए तकनीक के संतुलित उपयोग की आवश्यकता बताई। वहीं विजय मनोहर तिवारी ने अध्यक्षीय उद्बोधन में हिंदी पत्रकारिता में ग्रामीण जीवन और जमीनी मुद्दों को प्राथमिकता देकर विकसित भारत के लक्ष्य में योगदान देने पर जोर दिया।

अंतरराष्ट्रीय संबंधों और सांस्कृतिक कूटनीति में हिंदी की भूमिका पर सत्र

अंतरराष्ट्रीय संबंधों और सांस्कृतिक कूटनीति में हिंदी की भूमिका पर आयोजित सत्र में करुणाशंकर उपाध्याय ने हिंदी के अंतरराष्ट्रीय विस्तार के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए भारत और चीन के वैश्विक शक्ति के रूप में उभरने के साथ हिंदी और मंदारिन के बढ़ते महत्व को रेखांकित किया। दीप्ति कटारिया (कतर) ने सोशल मीडिया के माध्यम से विदेशों में हिंदी के बढ़ते प्रभाव और भारतीय भाषा, संस्कृति एवं मानवीय मूल्यों के आपसी जुड़ाव पर प्रकाश डाला।

चार्ल्स थॉमसन (ऑस्ट्रेलिया) ने अंग्रेजी के प्रति अत्यधिक आकर्षण पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासनिक कार्यों में भारतीय भाषाओं और देवनागरी के अधिकाधिक प्रयोग पर जोर दिया। अनूप भार्गव (अमेरिका) ने भाषा को राष्ट्र की विचारधारा, इतिहास और संस्कृति का वाहक बताते हुए हिंदी को संयुक्त राष्ट्र की आधिकारिक भाषा बनाने की आकांक्षा व्यक्त की। नारायण कुमार ने अध्यक्षीय उद्बोधन में औपनिवेशिक मानसिकता और अंग्रेजी पर निर्भरता का उल्लेख करते हुए भारत में हिंदी को अपेक्षित स्थान दिलाने तथा उसके वैश्विक सम्मान को रेखांकित किया। सत्र का संचालन रविंद्र कात्यायन ने किया।

डिजिटल युग में हिन्दी का वैश्विक संसार विषय पर चर्चा

डिजिटल युग में हिन्दी का वैश्विक संसार विषय पर आयोजित चर्चा में डॉ. रमा ने अध्यक्षीय उद्बोधन में डिजिटल युग में हिंदी साहित्य की बढ़ती उपस्थिति का उल्लेख करते हुए भाषा की वैज्ञानिकता और व्याकरणिक शुद्धता बनाए रखने पर जोर दिया। बालेन्दु शर्मा ‘दाधीच’ ने डिजिटल युग में हिंदी के समृद्ध होते वैश्विक स्वरूप, मशीन अनुवाद के ऐतिहासिक विकास और अनुवाद में गणित की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।

विनोद दुबे ने विभिन्न डिजिटल माध्यमों और प्लेटफॉर्म के जरिए हिंदी के बढ़ते प्रचार-प्रसार एवं वैश्विक विस्तार को रेखांकित किया। रीता कुमार ने साहित्य और मानव जीवन पर डिजिटल क्रांति के प्रभाव का उल्लेख करते हुए भावी पीढ़ियों के लिए दस्तावेजों के डिजिटलीकरण और संरक्षण का महत्व बताया। उदयवीर ने आंकड़ों के माध्यम से डिजिटल संसार में हिंदी की सीमित उपस्थिति को रेखांकित करते हुए इसके विस्तार की आवश्यकता पर बल दिया। सत्र का संचालन विकास अवस्थी ने किया।

प्रवासी भारतीय साहित्य के बदलते स्वर पर विमर्श

सातवें सत्र में प्रवासी भारतीय साहित्य के बदलते स्वर पर विमर्श हुआ। डॉ. संतोष चौबे ने प्रवासी भारतीय साहित्य पर तकनीक के प्रभाव को रेखांकित करते हुए साहित्य में आए बदलावों के विभिन्न कारकों पर शोध और गंभीर विमर्श की आवश्यकता बताई। शिखा वासनेय ने प्रवास के कारण भाषा और साहित्य में आए बदलावों का उल्लेख करते हुए प्रवासी लेखन में भारतीय और ब्रिटिश संस्कृति, भाषा एवं राजनीति के समागम पर प्रकाश डाला।

अर्चना पैन्यूली ने गिरमिटिया प्रवासियों से शुरू हुई प्रवासी साहित्य की यात्रा का उल्लेख करते हुए समकालीन लेखन में पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन, समानता और मानवाधिकार जैसे विषयों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। अनिल जोशी ने ब्रिटेन में भारतीय समुदाय की बदलती सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक स्थिति का उल्लेख करते हुए वैश्वीकरण के प्रभाव से भारतीय और प्रवासी भारतीय साहित्य के बीच कम होती दूरियों को रेखांकित किया।

दिव्या माथुर ने प्रवासी नई पीढ़ी में कविता लेखन की बढ़ती रुचि और दो संस्कृतियों से जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रवासी जीवन स्वयं में एक कहानी है। दामोदर खड़से ने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रवासी साहित्य की आलोचना प्रवासी भारतीयों द्वारा किए जाने तथा बदलते वैश्विक परिदृश्य और उभरते राष्ट्रवाद को साहित्य में स्थान देने पर जोर दिया। मंच का संचालन कुणाल सिंह ने किया। इसके अलावा वैश्विक स्तर पर भारत की सांस्कृतिक उपस्थिति और सॉफ्ट पावर के रूप में हिंदी एवं भारतीय भाषाएं और विश्वविद्यालयों में हिंदी के अंतरराष्ट्रीय अध्ययन एवं शोध संभावनाओं पर भी विमर्श किया गया।

प्रवासी रचनाकारों को विश्वरंग भाषा अलंकरण से किया गया सम्मानित

इस दौरान प्रवासी रचनाकारों को विश्वरंग भाषा अलंकरण से सम्मानित किया गया। इस सम्मान से मुग्धल कीर्ति (ऑस्ट्रेलिया), अर्चना पेनुली (जर्मनी), नारायण कुमार (भारत), दामोदर खड़से (भारत), निलुफर खोंदादोयेवा (उज्बेकिस्तान), बी. जी. गोपालकृष्णन (भारत) और अनिल जोशी (भारत) को नावाजा गया। वहीं विश्वरंग अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड में विजेताओं को 11 हजार रुपये पुरस्कार राशि के साथ सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर नालंदा, पटना से विश्वरंग के विशेष बुलेटिन आईसेक्ट पब्लिकेशन से प्रकाशित वनमाली हिंदी कथा पत्रिका, रंगसंवाद, विश्वरंग संवाद कविता, वनमाली सृजन पीठ, फुलब्राइट पत्रिका और ‘इलेक्ट्रॉनिकी आपके लिए’ के नए अंक का लोकार्पण भी किया गया।

‘रंग संगीत’ में गूंजे साहित्य और लोक संस्कृति के सुर

विश्वरंग प्रवासी उत्सव के अंतर्गत आयोजित ‘रंग संगीत’ कार्यक्रम में टैगोर राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा साहित्य, लोक संस्कृति और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी संगीतमयी प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम में निराला, मुक्तिबोध, केदारनाथ सिंह और श्रीकांत वर्मा जैसे साहित्यकारों की कविताओं की सांगीतिक प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। इसके बाद पानी, मिट्टी और बाल मजदूरी जैसे विषयों पर आधारित गीत प्रस्तुत किए गए। ब्रज की पारंपरिक होलियों की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में लोक संस्कृति के रंग बिखेरे।

प्रवासी भारतीयों के सम्मान में विशेष अभिनंदन गीत ‘हम जुड़े आपके साथ, जोड़कर हाथ तुम्हारा अभिनंदन, आप हमारे आंगन आए, कब से थे हम पलक बिछाए…’ प्रस्तुत किया गया। गीतों के माध्यम से प्रवासी भारतीयों के प्रति आत्मीय स्वागत और सम्मान का भाव व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का संगीत निर्देशन संतोष कौशिक ने किया। रिदम पर जीतमल सकोरिया एवं हर्ष तोमर और हैंडसोनिक पर चैतन्य आठले ने संगत दी। टैगोर ड्रामा स्कूल के 20 विद्यार्थियों का समूह भी प्रस्तुति में शामिल रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button