मध्य प्रदेश के 6,000 व्यावसायिक प्रशिक्षक ‘वीटीपी हटाओ’ एवं विभागीय संविलयन की मांग को लेकर भोपाल में करेंगे धरना-प्रदर्शन एवं कलमबंद हड़ताल
भोपाल, मध्य प्रदेश। विगत दस वर्षों से अपनी जायज मांगों के लिए संघर्षरत मध्य प्रदेश के व्यावसायिक प्रशिक्षक अब अपनी मांगों को लेकर निर्णायक आंदोलन की तैयारी में हैं। नवीन व्यावसायिक शिक्षा प्रशिक्षक महासंघ मध्य प्रदेश (#NVETA) के नेतृत्व में प्रदेश के लगभग 6,000 व्यावसायिक प्रशिक्षक वर्तमान वीटीपी (आउटसोर्सिंग) व्यवस्था के विरोध में राजधानी भोपाल में विशाल धरना-प्रदर्शन एवं कलमबंद हड़ताल करने जा रहे हैं।
प्रशिक्षकों का आरोप है कि पिछले एक दशक से उन्हें विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। न तो उनके मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि की गई है और न ही स्वास्थ्य बीमा जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अतिरिक्त, मानदेय का समय पर भुगतान नहीं होना तथा बार-बार सर्विस ब्रेक जैसी समस्याएं प्रशिक्षकों के लिए गंभीर चिंता का विषय बनी हुई हैं।
महासंघ की प्रमुख मांगों में वर्तमान वीटीपी व्यवस्था को समाप्त कर व्यावसायिक प्रशिक्षकों का विभागीय संविलयन, मानदेय के स्थान पर नियमित वेतनमान निर्धारित करना, सम्मानजनक वेतन वृद्धि, नियमित सेवा शर्तें एवं अन्य आवश्यक कर्मचारी सुविधाएं शामिल हैं।
प्रदेश के लगभग 6,000 व्यावसायिक प्रशिक्षक पिछले दस वर्षों से विद्यालयों में व्यावसायिक शिक्षा को मजबूती प्रदान करने के लिए निरंतर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इसके बावजूद उनकी सेवा सुरक्षा, वेतन एवं भविष्य से जुड़े विषयों का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। अब समय आ गया है कि शासन व्यावसायिक प्रशिक्षकों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करे और विभागीय संविलयन की दिशा में ठोस निर्णय ले।
महासंघ प्रशिक्षकों के अधिकारों एवं सम्मानजनक भविष्य के लिए एकजुट होकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करेगा। यदि शासन द्वारा मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता है, तो आंदोलन को आगामी चरणों में और व्यापक किया जाएगा।



