30 जून का DPI का आश्वासन बेअसर, 6 हजार व्यावसायिक प्रशिक्षक करेंगे आर-पार की लड़ाई
प्रदेश के समस्त जिलों में गूंजा व्यावसायिक प्रशिक्षकों का आंदोलन, जिला शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से आयुक्त DPI को सौंपे ज्ञापन

तीन माह की समय-सीमा बीतने के बाद भी मांगों पर अमल नहीं; प्रदेश के सभी जिलों से आयुक्त DPI के नाम ज्ञापन, भोपाल में अनिश्चितकालीन आंदोलन की तैयारी।
भोपाल। मध्यप्रदेश के शासकीय विद्यालयों में नवीन व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत कार्यरत लगभग 6 हजार से अधिक व्यावसायिक प्रशिक्षकों की लंबित मांगों को लेकर नवीन व्यावसायिक शिक्षा प्रशिक्षक महासंघ मध्यप्रदेश (NVETA) ने प्रदेशव्यापी आंदोलन का बिगुल बजा दिया है। प्रदेश के समस्त जिलों में 25 नवंबर को जिला शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से आयुक्त लोक शिक्षण संचालनालय (DPI), भोपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर विभाग को पूर्व में दिए गए आश्वासन की याद दिलाई गई तथा लंबित मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग उठाई गई।
गौरतलब है कि 30 जून 2026 को भोपाल में आयोजित व्यावसायिक प्रशिक्षकों के महाआंदोलन के दौरान लोक शिक्षण संचालनालय के अधिकारियों के साथ हुई वार्ता में प्रशिक्षकों की प्रमुख मांगों के निराकरण के लिए तीन माह का समय मांगा गया था। विभागीय आश्वासन के बाद महासंघ ने आंदोलन स्थगित किया था, लेकिन निर्धारित समय-सीमा बीत जाने के बावजूद मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। इससे प्रदेशभर के व्यावसायिक प्रशिक्षकों में आक्रोश व्याप्त है।
महासंघ के प्रदेशव्यापी आह्वान पर 25 नवंबर को प्रदेश के विभिन्न जिलों में एक साथ ज्ञापन सौंपे गए। इस आंदोलन के माध्यम से प्रशिक्षकों ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि मांगों पर ठोस और निर्णायक कार्रवाई चाहिए।
महासंघ की तीन सूत्रीय प्रमुख मांगें
1. थर्ड पार्टी आउटसोर्सिंग (VTP) व्यवस्था समाप्त हो एवं वेतन सीधे विभाग से मिले: व्यावसायिक प्रशिक्षकों के वेतन से आउटसोर्सिंग कंपनियों के माध्यम से होने वाली कमीशन एवं मध्यस्थ व्यवस्था समाप्त कर, प्रशिक्षकों का वेतन सीधे स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जिला स्तर से भुगतान किया जाए।
2. मानदेय ₹40 हजार एवं वार्षिक वेतनवृद्धि लागू हो: विगत लगभग 10 वर्षों से स्थिर मानदेय पर कार्य कर रहे प्रशिक्षकों के मानदेय में वर्तमान महंगाई और अन्य राज्यों की व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए वृद्धि कर न्यूनतम ₹40,000 प्रतिमाह किया जाए तथा नियमित वार्षिक वेतनवृद्धि (Increment) लागू की जाए।
3. विभागीय संविलियन, स्पष्ट जॉब पॉलिसी एवं सेवा सुरक्षा: वर्ष 1998 के व्यावसायिक व्याख्याताओं की भांति व्यावसायिक प्रशिक्षकों के लिए स्पष्ट जॉब पॉलिसी बनाई जाए, स्कूल शिक्षा विभाग में संविलियन की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए तथा प्रशिक्षकों को 62 वर्ष की आयु तक सेवा सुरक्षा प्रदान की जाए।
जनप्रतिनिधियों का समर्थन, फिर भी विभागीय निर्णय में उदासीनता
महासंघ पदाधिकारी शैलेन्द्र प्रजापति ने बताया कि व्यावसायिक प्रशिक्षकों की मांगों को लेकर प्रदेशशासन से ही उपमुख्यमंत्री जगदीश देवगौड़ा कौशल विकास मंत्री गौतम टेंटवल सहित विधायक शैलेन्द्र जैन, विधायक प्रदीप लारिया,विधायक चंद्रसिंह सिसोदिया एवं कई पक्ष-विपक्षीय जनप्रतिनिधियों द्वारा भी मान. मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मांगों का समर्थन किया गया है। एवं हाल ही में मामले की गंभीरता को देखते हुए सागर विधायक शैलेन्द्र जैन ने स्वयं मुख्यमंत्री मोहन यादव से भेंट की और मांगो के निराकरण का आग्रह किया। जनप्रतिनिधियों के समर्थन एवं अनुशंसा पत्र मिलने के बावजूद विभागीय स्तर पर मांगों का निराकरण न होना प्रशिक्षकों के लिए निराशाजनक है। महासंघ ने सवाल उठाया है कि जब प्रदेश के जनप्रतिनिधि भी व्यावसायिक प्रशिक्षकों की मांगों को उचित मानते हुए समर्थन देते आएं हैं, तो विभागीय स्तर पर निर्णय लेने में इतनी देरी क्यों की जा रही है?
विधानसभा सत्र से पहले समाधान नहीं तो भोपाल में अनिश्चितकालीन आंदोलन:
प्रदेश मीडिया प्रभारी जितेंद्र राठौर ने अवगत कराया कि अब आगामी आंदोलन की व्यापक रणनीति तैयार कर रहा है एवं स्पष्ट किया है कि यदि विधानसभा सत्र से पहले तीनों प्रमुख मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो राजधानी भोपाल में अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल एवं व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश परमार का कहना है कि 30 जून को दिया गया आश्वासन आंदोलन स्थगित करने का आधार था, मांगों से पीछे हटने का नहीं। प्रदेश के लगभग 6 हजार व्यावसायिक प्रशिक्षक पिछले एक दशक से व्यावसायिक शिक्षा को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन आज भी वेतन, सेवा सुरक्षा और भविष्य की अनिश्चितता से जूझ रहे हैं। अब प्रदेश के 6 हजार व्यावसायिक प्रशिक्षक अपने अधिकार, सम्मान और सुरक्षित भविष्य के लिए एकजुट होकर निर्णायक संघर्ष की तैयारी में हैं।





