नाइजर में सैन्य चौकी पर हथियारबंद समूह का बड़ा हमला, 13 जवानों की मौ’त, 20 घायल

नाइजर के पश्चिमी हिस्से में एक सैन्य चौकी पर हथियारबंद लोगों के हमले में नेशनल गार्ड के 13 जवानों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए। देश के रक्षा मंत्रालय ने यह जानकारी दी। मंत्रालय ने सरकारी टेलीविजन पर बृहस्पतिवार देर रात प्रसारित एक बयान में बताया कि हमला तिल्लाबेरी क्षेत्र में हुआ। बयान के अनुसार, जवाबी कार्रवाई में कई हमलावर भी मारे गए और उनके हथियार एवं उपकरण नष्ट कर दिए गए।
मंत्रालय ने कहा कि भारी हथियारों से लैस हमलावरों के एक बड़े समूह ने इस हमले को अंजाम दिया। उसने बताया कि घायलों में से कई की हालत गंभीर है। नाइजर और उसके पड़ोसी देश माली तथा बुर्किना फासो लंबे समय से अलकायदा और इस्लामिक स्टेट समूह से जुड़े जिहादी विद्रोह से जूझ रहे हैं।
विश्लेषकों का कहना है कि जुलाई 2023 में सेना द्वारा देश की सरकार का तख्तापलट किए जाने के बाद से नाइजर में सुरक्षा संकट और गहरा हो गया है। तख्तापलट के बाद नए सैन्य शासन ने रूस को अपना सुरक्षा साझेदार बनाया और अमेरिका तथा फ्रांस के साथ सैन्य सहयोग समाप्त कर दिया।
सैन्य शासन ने अशांत क्षेत्रों में शांति बहाल करने का वादा किया था, लेकिन लगातार बढ़ते हमलों के बीच देश की सुरक्षा स्थिति सुधारने की उसकी क्षमता पर सवाल उठने लगे हैं। अगस्त में असंतुष्ट सैनिकों ने सैन्य शासन के खिलाफ विद्रोह किया था। हालांकि, रूसी सैनिकों की मदद से सैन्य शासन के प्रति वफादार बलों ने इसे दबा दिया था।



