खबर

शादी के अगले दिन रिसेप्शन में दूल्हे की मौत, स्टेज पर अचानक गिरा पवन

 बिहार के कटिहार जिले में शादी की खुशियां अगले ही दिन मातम में बदल गईं। शादी के बाद आयोजित रिसेप्शन समारोह के दौरान दूल्हे की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह स्टेज पर ही गिर पड़ा। परिजन आनन-फानन में उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने पूर्णिया रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। इस घटना से दोनों परिवारों में शोक की लहर है।

मृतक की पहचान पवन कुमार यादव के रूप में हुई है। वह पेशे से आयुष चिकित्सक थे और पटना में रहते थे। यह घटना कटिहार जिले के फलका प्रखंड अंतर्गत पोठिया बाजार के वार्ड नंबर 13 की है।

25 नवंबर को हुई थी शादी, 26 को था रिसेप्शन

जानकारी के अनुसार, पवन कुमार यादव की शादी 25 नवंबर को पास के दिरा चांदपुर गांव में हुई थी। परिवार ने धूमधाम से बारात निकाली थी और शादी की सभी रस्में पूरी की थीं। 26 नवंबर को पवन अपनी पत्नी गुड़िया को लेकर घर पहुंचे। इसी खुशी में परिवार की ओर से शाम को बहुभोज यानी रिसेप्शन समारोह का आयोजन किया गया था। इसमें रिश्तेदारों, ग्रामीणों और परिचितों को आमंत्रित किया गया था।

आशीर्वाद समारोह के दौरान स्टेज पर गिरे दूल्हे

रिसेप्शन के दौरान पवन अपनी दुल्हन के साथ स्टेज पर बैठे थे। मेहमान भोजन कर रहे थे और नवदंपती को आशीर्वाद दे रहे थे। इसी बीच कार्यक्रम के अंतिम चरण में पवन अचानक स्टेज पर गिर पड़े। उन्हें गिरता देख समारोह में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और स्थानीय लोग तुरंत उन्हें फलका स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया। हालांकि, पूर्णिया ले जाने के दौरान रास्ते में ही पवन ने दम तोड़ दिया।

दुल्हन गुड़िया का रो-रोकर बुरा हाल

पवन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिस घर में कुछ घंटे पहले तक शादी और रिसेप्शन की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां चीख-पुकार गूंजने लगी। नई नवेली दुल्हन गुड़िया इस सदमे को बर्दाश्त नहीं कर सकी और बार-बार बेहोश हो रही थी। दोनों परिवारों के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

भाई श्रवण ने दी घटना की जानकारी

पवन के भाई श्रवण ने इस घटना की जानकारी दी। शादी के महज एक दिन बाद परिवार के सदस्य की अचानक मौत से परिजन गहरे सदमे में हैं। बाद में परिवार के लोग पवन के शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार भी शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने पहुंचे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button