गुमला में ‘ब्लैक वेडनेसडे’: तीन अलग-अलग हादसों में 3 मौतें, कहीं सुसाइड तो कहीं तालाब में डूबी जिंदगी
गुमला जिले में बुधवार को तीन अलग-अलग घटनाओं में एक मासूम समेत तीन लोगों की मौत हो गई. मुरकुंडा में युवक और पुग्गु में महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या की, वहीं छोटा अंबवा के एक बच्चे की तालाब में डूबने से जान चली गई. पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है.


गुमला (दुर्जय पासवान): गुमला जिले में तीन अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई. इनमें दो लोगों ने आत्महत्या की, जबकि एक बच्चे की तालाब में डूबने से मौत हो गई. तीनों मामलों में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है.
छत में फांसी लगाकर युवक ने की आत्महत्या
पहली घटना सदर थाना क्षेत्र के मुरकुंडा कोलंबी गांव की है. यहां 35 वर्षीय नवीन कुमार ने मंगलवार की रात करीब 7 बजे अपने घर की छत में रस्सी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. बुधवार दोपहर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. मृतक के भाई नायमन खड़िया ने बताया कि कुछ दिनों से नवीन की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी. मंगलवार की रात उसने घर के अंदर दरवाजा बंद कर फांसी लगा ली. काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर उसकी पत्नी ने जानकारी दी. दरवाजा खोलकर देखने पर नवीन फांसी पर लटका मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. मृतक अपने पीछे वृद्ध मां, पत्नी और आठ वर्षीय बच्चे को छोड़ गया है. वह घर का एकमात्र कमाऊ सदस्य था, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति बिगड़ गई है.
घरेलू विवाद में महिला ने की आत्महत्या
दूसरी घटना गुमला सदर थाना क्षेत्र के पुग्गु ढौठाटोली गांव की है. यहां 45 वर्षीय कल्पना केरकेट्टा ने बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे अपने घर में दरवाजा बंद कर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर पति ने कुंडी तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां पत्नी को फांसी पर लटका पाया. सूचना मिलने पर गुमला थाना के एएसआई अखिलेश ठाकुर मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. जानकारी के अनुसार, पैसे की मांग को लेकर पति और बच्चों के साथ घरेलू विवाद हुआ था.
तालाब में डूबने से आठ वर्षीय बच्चे की मौत
तीसरी घटना सदर थाना क्षेत्र के छोटा अंबवा गांव की है. यहां कलाम अंसारी के आठ वर्षीय पुत्र हफाज अंसारी की तालाब में डूबने से मौत हो गई. परिजनों ने घटना की सूचना थाना को दी और बुधवार को शव को सदर अस्पताल लाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. प्राप्त जानकारी के अनुसार, हफाज अंसारी अपनी नानी के घर करकरी गया हुआ था. मंगलवार दोपहर वह अपने मामा के साथ तालाब में नहाने गया था, इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने से उसकी मौत हो गई.



