एजुकेशनखबरमध्य प्रदेश

प्राइमरी सेक्शन का वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास एवं सांस्कृतिक विविधता के साथ संपन्न

भोपाल 27 नवम्बर, अनुशासन से अभिव्यक्ति तक, भारतीय संस्कृति की समृद्ध विरासत से लेकर राष्ट्र प्रेम के भावना तक, नन्हे बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों द्वारा —पीएम श्री डेमोंस्ट्रेशन मल्टीपर्पज स्कूल, भोपाल के प्राइमरी सेक्शन का वार्षिकोत्सव विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता एवं आत्मविश्वास का जीवंत उत्सव बनकर सामने आया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति की विविधता, एकता और समृद्ध परंपराओं का मनोहारी चित्रण किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्वास कैलाश सारंग, कैबिनेट मंत्री, खेल एवं युवा कल्याण तथा सहकारिता विभाग, मध्य प्रदेश शासन थे। उन्होंने विद्यालय द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के क्रियान्वयन हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें कहा कि श्रेष्ठ व्यक्तित्व निर्माण से ही श्रेष्ठ राष्ट्र निर्माण संभव है जिसके लिए मूल्यपरक शिक्षा अपरिहार्य है ।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक  प्रकाश श्रीवास्तव ने अपने स्वागत अभिभाषण में मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने विद्यालय में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु किए जा रहे नवाचारों एवं प्रयासों पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर इंचार्ज प्राइमरी सेक्शन नीता राव ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए प्राइमरी सेक्शन की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों और उपलब्धियों से उपस्थित जनों को अवगत कराया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ प्राइमरी सेक्शन की नन्ही छात्राओं द्वारा माँ सरस्वती की वंदना “या कुन्देन्दुतुषारहारधवला, या शुभ्रवस्त्रावृता” पर आधारित सामूहिक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति से हुआ। भक्तिमय एवं आकर्षक प्रस्तुति ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
विद्यार्थियों ने “अनुशासन से अभिव्यक्ति तक” थीम पर ऊर्जावान रिंग डांस प्रस्तुत किया। इस प्रस्तुति के दौरान देश के विभिन्न प्रांतों के पारंपरिक नृत्यों को समाहित करते हुए भारत की सांस्कृतिक समृद्धि एवं विविधता की सुंदर झलक प्रस्तुत की गई।
शरद मिश्र एवं परिधि सोनी ने “जब जिद पर आ गई पार्वती” गीत पर भक्ति युगल नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं जय कावड़कर ने देशभक्ति गीत “तेरी मिट्टी में मिल जावाँ” की भावपूर्ण एकल गायन प्रस्तुति देकर राष्ट्रप्रेम की भावना को अभिव्यक्त किया।
प्री-प्राइमरी के नन्हे बच्चों ने “एक भारत श्रेष्ठ भारत” थीम पर अपनी बालसुलभ मासूमियत एवं आत्मविश्वास के समन्वय से आकर्षक प्रस्तुति दी। उनकी मनमोहक प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया ।
कार्यक्रम ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की भावना के अनुरूप विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के संवर्धन का संदेश दिया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button